आरव हत्याकांड में आरोपी को सजा-ए-मौत! सड़क पर पटक कर ली थी मासूम की जान

फिरोजाबाद के चर्चित आरव हत्याकांड में जिला कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की निर्मम हत्या के दोषी को मृत्युदंड की सजा दी गई है. हत्यारे ने आरव को सड़क पर बार-बार पटककर मौत के घाट उतार दिया था. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था.

फिरोजाबाद आरव हत्याकांड: 40 दिन में कातिल को मृत्युदंड

फिरोजाबाद जिले के चर्चित डेढ़ वर्षीय मासूम आरव हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को सजा-ए मौत दी गई है. शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में 30 मई को हुई इस निर्मम हत्या के मामले में अदालत ने महज 40 दिनों के भीतर सुनवाई पूरी कर फैसला सुना दिया है.

इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस ने घटना के सिर्फ छह दिन के भीतर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था. कोर्ट ने गुरुवार को ही आरोपी को दोषी ठहराया था. वहीं, आज यानी शुक्रवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई हुई, जिला जज ने सभी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी को दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई.

सजा के बाद आरोपी खुद को मारने लगा थप्पड़

शुक्रवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया. फैसला सुनाए जाने के बाद आरोपी भावुक हो गया और अदालत कक्ष में स्वयं को थप्पड़ मारने लगा. शासकीय अधिवक्ता राजीव प्रियदर्शी ने बताया कि यह मामला अत्यंत जघन्य था.

उन्होंने कहा कि एक डेढ़ वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या की गई थी. पुलिस ने समयबद्ध तरीके से विवेचना पूरी की और अदालत में आरोप पत्र प्रस्तुत किया. पूरे मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 13 गवाह पेश किए गए, जबकि बचाव पक्ष से एक गवाह का परीक्षण कराया गया. अभियोजन पक्ष से प्रस्तुत साक्ष्यों को न्यायालय ने विश्वसनीय माना.

इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था

यह मामला 30 मई को शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में सामने आया था, जब आरोपी ने डेढ़ वर्षीय मासूम आरव को सड़क पर कई बार पटककर उसकी हत्या कर दी थी. इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था. अदालत में तेज सुनवाई के बाद महज 40 दिनों में यह फैसला आया है, यह अब जिले में सबसे तेजी से निस्तारित चर्चित मामलों में सुमार हो गया है.

Follow Us