गजब का विकास! 4 साल में ही टूटने लगा फ्लाईओवर, करोड़ों की लागत से हुआ था निर्माण
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में करोड़ों की लागत से बना फ्लाईओवर महज चार साल में टूट गया. इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लेबर कॉलोनी-रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले पुल का हिस्सा ढहने से हड़कंप मचा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोग घटिया सामग्री के इस्तेमाल और अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं, जिससे सेतु की सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में चार साल पहले बने फ्लाईओवर का एक हिस्सा टूट गया है. करोड़ों की लागत से बने इस फ्लाईओवर के महज 4 साल में ही टूटने से गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. लेबर कॉलोनी और रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले इस फ्लाईओवर से अचानक मलबा गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि हादसे के समय नीचे से गुजर रहे लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण में लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है.
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में स्थित लेबर कॉलोनी और रेलवे स्टेशन के बीच बने लगभग 700 मीटर लंबे फ्लाईओवर का एक हिस्सा अचानक क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि देर रात फ्लाईओवर के करीब 15 फीट हिस्से से मलबा नीचे गिर पड़ा. मलबा गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सेकंड का अंतर रहा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
सेतु निगम ने बनाया था फ्लाईओवर
यह फ्लाईओवर करीब चार वर्ष पहले उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने बनाया था. इतनी कम अवधि में संरचना का हिस्सा टूटने से लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण अब फ्लाईओवर के हिस्से क्षतिग्रस्त होने लगे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया. हालांकि अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
सपा ने उठाए सवाल
फ्लाईओवर टूटने की खबर के बाद समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया. उनका कहना है कि इस पुल को बनाने में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है. सपा ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है. इधर लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और लोग इस फ्लाईओवर पर चढ़ने से भी कतराने लगे हैं.
