भारतीय छोरी को भाया जर्मन छोरा, सात समंदर पार से आया दूल्हा; लिए सात फेरे

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक अनोखी अंतर्राष्ट्रीय शादी हुई, जहां जर्मनी के गुस्ताव ने भारतीय खुशी से वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह किया. जयपुर की जर्मन कंपनी में हुई दोस्ती प्यार में बदली. इस ऐतिहासिक शादी में विदेशी मेहमान भारतीय संस्कृति के मुरीद हुए, और शेरवानी पहने दूल्हे व मेहंदी लगी दुल्हन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं.

भारतीय दुल्हन और विदेशी दूल्हा

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक अंतरराष्ट्रीय शादी हुई है. इस शादी में दूल्हा तो जर्मनी का है, लेकिन दुल्हन इंडियन है. दोनों जयपुर स्थित एक जर्मन कंपनी में नौकरी करते हैं. इसी दौरान दोनों में प्यार हुआ और अब दोनों वैदिक रीति रिवाज से शादी के बंधन में बंध गए हैं. सात समंदर पार जर्मनी से आए दूल्हे गुस्ताव ने खुशी खुशी भारतीय परंपरा से शादी का प्रस्ताव रखा और इस ऐतिहासिक शादी में सैकड़ों लोग गवाह बने. लोगों ने इस दूल्हा और दुल्हन के साथ खूब तस्वीरें भी खिंचाई हैं.

दुल्हन की चाची ज्योति ने इस शादी का पूरा ब्यौरा मीडिया को दिया. बताया कि उनकी भतीजी खुशी जयपुर स्थित एक जर्मन कंपनी में जॉब करती है. इसी कंपनी में दूल्हा गुस्ताव भी काम करता है. दोनों बीते कई वर्षों से दोस्ती है. यही दोस्ती प्यार में बदल गई और अब दोनों ने शादी कर अपने रिश्ते को नाम दे दिया है. इस शादी के लिए दूल्हे की तरफ से जर्मनी से भी काफी सारे मेहमान आए हुए थे. वहीं दुल्हन की ओर से भी काफी लोग थे. ऐसे में भाषा की बाधा ना आए, इसलिए इस शादी समारोह में 4 ट्रांसलेटर भी बुलाए गए थे.

आतिथ्य से भारत के मुरीद हुए मेहमान

दुल्हन पक्ष की ओर से विदेशी मेहमानों के स्वागत सत्कार के लिए भव्य इंतजाम किए गए थे. यह देखकर विदेशी मेहमान भारतीय संस्कृति और आतिथ्य के मुरीद हो गए. उन्होंने भारतीय विवाह परंपरा की सराहना की और कहा कि ये शादी उनके लिए यादगार रहेगी. दूल्हे गुस्ताव ने भी भारतीय परंपराओं की सराहना की. कहा कि उसने देश में अलग अलग स्थानों पर घूम कर इसे देखा है, लेकिन खुद भी इसी परंपरा से शादी कर उसे गौरव की अनुभूति हो रही है.

लोगों में आर्शीवाद देने की मची होड़

शादी के बाद स्थानीय लोगों में दूल्हा और दुल्हन को आर्शीवाद देने के लिए होड़ मच गई. लोग स्टेज पर इन्हें आर्शीवाद देने के साथ इसकी फोटो खिंचाना नहीं भूल रहे थे. लोगों का कहना था कि ऐसी शादी में दोबारा शामिल होने का मौका कहां मिलेगा. सोशल मीडिया पर भी इस शादी की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हो रही हैं. मजे की बात यह कि दूल्हा गुस्ताव शेरवानी और साफे पहने हुए नजर आया तो दुल्हन खुशी ने भी उसके नाम की मेहंदी रचाई थी.