गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी कार, पूर्वांचल पर ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रक ने रौंदा; 4 की मौत 20 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के गंगा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो बड़े सड़क हादसों में 4 लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक घायल हुए है. गंगा एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से शाहजहांपुर में एक महिला की मौत हुई, वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को रौंद दिया. त्योहारों पर अपने घर जा रहे लोग इन दर्दनाक दुर्घटनाओं का शिकार बने. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है.

गंगा एक्सप्रेसवे पर एक्सिडेंट में महिला की मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के दो बड़े एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को बड़े हादसे हुए. गंगा एक्सप्रेसवे पर जहां कार पलटने से एक महिला की मौत हो गई, वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली में ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए. यह दोनों हादसे अलग अलग हुए, लेकिन दोनों में ही लोग दिल्ली से त्योहार मनाने के लिए अपने गांव जा रहे थे. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, वहीं घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पहला मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है. यहां गंगा एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से महिला की मौत हुई है. पुलिस के मुातबिक दिल्ली से आ रही एक तेज रफ्तार कार के पहिए परशुरामपुरी थाना क्षेत्र में अचानक जाम हो गए. इसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

24 घंटे में दूसरा हादसा

सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कार में सवार सभी लोग नोएडा से भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे. इस घटना के कुछ घंटे पहले ही गंगा एक्सप्रेसवे पर एक और हादसा हुआ. इसमें एक ट्रक के कंडक्टर और क्लीनर की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना प्रभारी रविश चंद्र के मुताबिक दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है.

ट्रैक्टर ट्रॉली को ट्रक ने रौंदा

तीसरी घटना उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर में हुई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. इनमें 6 लोगों की हालत नाजुक है. इन सभी को इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया गया है. पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर यह सभी लोग छठ पूजा में शामिल होने के लिए दिल्ली से बिहार जा रहे थे. कूरेभार थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 118 के पास एक बेलगाम ट्रक ने इनकी ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी.

Follow Us