‘मैं भी वहीं से लडूंगी…’ चंद्रशेखर के खिलाफ रोहिणी घावरी का बड़ा ऐलान, हस्तिनापुर में हो सकता है घमासान

यूपी विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद की राह कठिन हो सकती है. उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड रोहिणी घावरी ने ऐलान किया है कि वे चंद्रशेखर जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वहीं से मैदान में उतरेंगी. हस्तिनापुर में सियासी घमासान के आसार हैं.

चंद्रशेखर एवं रोहिणी घावरी Image Credit:

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में नगीना सांसद चंद्रशेखर के दलित ध्रुवीकरण की योजना पर पानी फिर सकता है. आजाद समाज पार्टी (ASP) प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के नई चुनौती उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड डॉ. रोहिणी घावरी को लेकर है. डॉ. रोहिणी ने ऐलान कर दिया है कि चंद्रशेखर जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वो भी वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगी. उन्होंने साफ तौर पर इस ऐलान को अपने अपमान से जोड़ते हुए बदला लेने की बात कही है.

इसी के साथ डॉ. घावरी ने एक और बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि यूपी के एक बड़े राजनीतिक दल ने उन्हें टिकट देने का भी भरोसा दिया है. ऐसी स्थिति में एएसपी सुप्रीमो चंद्रशेखर की राह थोड़ी मुश्किल हो सकती है. माना जा रहा है कि सांसद चंद्रशेखर आगामी विधानसभा चुनावों में हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. डॉ. घावरी ने भी इसी सीट से चुनाव के मैदान में उतरने के संकेत दिए हैं. ऐसे में हस्तिनापुर में एक बार फिर चुनावी महाभारत शुरू होने की संभावना है.

अभी स्विट्जरलैंड में हैं डॉ. घावरी

डॉ. रोहिणी घावरी अभी स्विट्जरलैंड में हैं. वहां वह एक स्वयंसेवी संगठन (एनजीओ) का संचालन करती हैं. हालांकि सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव हैं और अपने पूर्व प्रेमी चंद्रशेखर की राजनीति पर नजर रख रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ही चंद्रशेखर को हस्तिनापुर में चुनौती देने का ऐलान भी किया है. बता दें कि चंद्रशेखर और डॉ. रोहिणी काफी समय पहले ही अलग हो गए थे, लेकिन इनके बीच व्यक्तिगत और कानूनी विवाद बदस्तूर जारी है.

बदल भी सकती है सीट

एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में डॉ. घावरी ने कहा कि चंद्रशेखर हस्तिनापुर से चुनाव लड़ने वाले हैं, इसलिए यूपी की एक बड़ी राजनीतिक पार्टी ने उन्हें भी हस्तिनापुर से लड़ने का ऑफर दिया है. लेकिन यदि चंद्रशेखर अपनी सीट बदलते हैं तो वो भी सीट बदल लेंगी और वहीं से चुनाव लड़ेंगी जहां से चंद्रशेखर पर्चा भरेंगे. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर से उन्हें प्रतिशोध लेना है. उन्होंने हस्तिनापुर और महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि कौरवों ने द्रौपदी का अपमान किया था. इसका नतीजा भी उन्हें भुगतना पड़ा. अब चंद्रशेखर भी एक बेटी के अपमान और शोषण का खामियाजा भुगतेंगे.

Follow Us