UP में बदमाशों के हौसले बुलंद! ATM के बाहर से कैश वैन ही ले भागे, लकीर पीटती रही पुलिस
गाजियाबाद में बदमाशों ने ATM में कैश भरने आई वैन से करीब ₹25 लाख लूट लिए. मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी के पास गाड़ी छोड़कर बदमाश कैश लेकर फरार हो गए. पुलिस ने 8 टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी है. इस वारदात में कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस की लाख सख्ती के बावजूद यूपी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. बुधवार को गाजियाबाद में हथियारबंद बदमाशों ने एटीएम में कैश भरने आई गाड़ी को ही लूट लिया. बदमाश इस गाड़ी को लेकर हापुड़ की ओर भागे, लेकिन आगे पुलिस की चेकिंग देखकर मसूरी के पास गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए. जाते जाते बदमाश गाड़ी में से करीब 25 लाख का कैश भी ले गए हैं. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए 8 टीमों का गठन किया है.
वारदात गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर करीब फाइनेंस कंपनी एवन इंडिया की गाड़ी यहां एटीएम में कैश भरने आई थी. एटीएम के बाहर गाड़ी खड़ी कर कर्मचारी एटीएम बूथ में चले गए. इतने में बदमाश वहां पहुंचे और गाड़ी में बैठे ड्राइवर को बंधक बनाकर कैश से भरी गाड़ी ले भागे. मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी पहुंचने पर बदमाशों को लगा कि पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े जाएंगे. इसलिए बदमाशों ने वहीं पर गाड़ी और ड्राइवर को छोड़ दिया और सारा कैश लेकर उतर गए.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने जिले के हर एग्जिट एवं एंट्री को सील कर दिया है. वहीं बदमाशों की धरपकड़ के लिए 8 अलग अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस के मुताबिक मसूरी के पास से कैश वैन को बरामद कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक अभी तक साफ नहीं हो सका है कि गाड़ी में कितना कैश रखा था. इसी के साथ कंपनी से गाड़ी में मौजूद स्टॉफ का रिकार्ड भी खंगाल रही है. मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस कंपनी के कर्मचारियों और ड्राइवर से पूछताछ कर रही है.
कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका
पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे कोई अंदर वाला भी हो सकता है. इसलिए गाड़ी में चल रहे कर्मचारियों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है. आशंका है कि गाड़ी में लूट करने वाले बदमाश कहीं बाहर से नहीं आए थे, इनपुट है कि इन बदमाशों को कर्मचारियों ने टिप दिया था और पर्दे के पीछे रह कर इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य सर्विलासं माध्यमों से मामले की छानबीन में जुट गई है.