गाजियाबाद में ऑन डिमांड बच्चा चोरी करने वाला गैंग! मिस्त्री-पलंबर बन करते थे रैकी
गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय ऑन-डिमांड बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस गैंग के सात सदस्य, जिनमें मिस्त्री और पलंबर शामिल थे, गिरफ्तार किए गए हैं. ये गिरोह 0-3 महीने के बच्चों की चोरी कर उनहें 4-5 लाख रुपये में बेचता था. पुलिस ने चोरी हुए बच्चे को बरामद कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई.
उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली एनसीआर में ऑन डिमांड बच्चा चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया है. पुलिस ने इस गैंग के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए बच्चे को भी बरामद कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों में दो महिला हैं. वहीं बाकी आरोपी मिस्त्री, पलंबर और ठेला लगाने का काम करते थे. पुलिस ने इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और धरपकड़ तेज कर दी है.
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में हुई. पिछले दिनों थाने पर एक बच्चे के चोरी होने की शिकायत आई थी. इस शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए एसीपी के अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया गया. इस टीम ने घटना की डिटेल खंगालते हुए आरोपियों को धर दबोचा है. पुलिस ने बताया कि इस गैंग के सदस्य गरीब लोगों के बच्चों का शिकार करते थी. इनके निशाने पर 0 से 3 माह तक की उम्र वाले बच्चे होते थे.
4-5 लाख में करते थे सौदा
गाजियाबाद के डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक आरोपी जैसी डिमांड आती थी, उसी हिसाब से बच्चे चोरी करते थे. इसके लिए आरोपी वारदात से पहले ही सौदा कर लेते थे और वारदात के बाद बच्चों को 4 से 5 लाख रुपए लेकर बेच देते थे. उनहोंने बताया कि इस गिरोह की दो महिला सदस्य अभी फरार हैं. उनकी पहचान कर ली गई और अब उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
CCTV से खुला राज
पुलिस के मुताबिक शुरुआत में बच्चों को बरामदी पुलिस के लिए अंधेरे में तीर चलाने जैसी थी. लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस टीम को एक ऐसा फुटेज मिला, जिसमें आरोपियों की तस्वीर नजर आ गई. इसके बाद पुलिस ने तस्वीर के जरिए आरोपियों की पहचान कराई और अब इन्हें पकड़ लिया गया है. उन्होंने बताया कि बच्चा बरामद करने के बाद पुलिस ने उनके मां-बाप के सुपुर्द कर दिया है. अब पुलिस इस गैंग द्वारा पूर्व में अंजाम दिए गए वारदातों की कुंडली खंगाल रही है.