जीजा-साले के विवाद में दहला लोनी! ताबड़तोड़ फायरिंग से शटर छलनी; सड़क पर खून ही खून

गाजियाबाद के लोनी में दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया. जीजा-साले में पैसों के लेनदेन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर कई राउंड फायरिंग की गई. शटर गोलियों से छलनी है और सड़क पर खून के धब्बे पड़े हैं. इस गोलीबारी में एक युवक भी घायल हुआ है.

लोनी में प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस पर फायरिंग: एक घायल Image Credit:

गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिद्ध बाबा मंदिर के पीछे इलाइचीपुर रोड पर स्थित प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस के बाहर करीब तीन राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष आपस में जीजा-साले हैं. दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था.

फायरिंग में तरुण नाम का करीब 26 वर्षीय युवक निवासी भजनपुरा गोली लगने से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सरेआम गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर ऑफिस के शटर में गोलियों के निशान नजर आ रहे हैं. मौके पर सड़क पर खून के बिखरा भी नजर आ रहा हैं.

एसीपी ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के दौरान करीब तीन गोलियां चलने की बात सामने आई है. घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और एसीपी अमरदीप मौर्य घटना स्थल पर पहुंचे और अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले की पहचान की जा सके.

एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के राम पार्क इलाके में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर कई राउंड फायरिंग की सूचना मिली थी. घटना में एक युवक घायल हुआ है. पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली जा रही है.

दिनदहाड़े फायरिंग से इलाके में हड़कंप

पुलिस यह पता लगा रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए. फिलहाल, फायरिंग के पीछे की अभी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. वहीं, दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.

Follow Us