गाजियाबाद के जाम का मिला स्थाई समाधान! यहां बनेगा 6 KM लंबा रिंग रोड, आसान होगा नोएडा-दिल्ली का सफर

गाजियाबाद में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत के लिए GDA ने 6 किलोमीटर का आउटर रिंग रोड प्लान किया है. यह सड़क सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक जाएगी, जिससे राजनगर एक्सटेंशन की 40 से अधिक सोसाइटियों को रोज के जाम से मुक्ति मिलेगी. जीडीए ने टेंडर जारी कर दिया है, और इस प्रोजेक्ट पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे लाखों निवासियों को लाभ होगा.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लगने वाले रोज-रोज के जाम से मुक्ति का उपाय खोज लिया गया है. इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने एक एक आउटर रिंग रोड प्लान किया है. यह आउटर रिंग रोड सिटी फॉरेस्ट से शुरू होकर दुहाई तक जाएगा. इसके लिए जीडीए ने टेंडर जारी कर दिया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर राजनगर एक्सटेंशन में जाम की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा.

जीडीए के अधिकारियों के मुताबिक इस रिंग रोड के निर्माण पर करीब 90 करोड़ रुपए खर्च होंगे. यह रोड राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटियों के पास से गुजरेगा. बता दें कि राजनगर एक्सटेंशन में इस समय 63 सोसाइटियां हैं. इनमें 2 लाख से अधिक परिवार रहते हैं. फिलहाल राजनगर एक्सटेंशन का इकलौता मुख्य मार्ग है, जो एक तरफ मेरठ रोड से जुड़ता है तो दूसरी तरफ जीटी रोड में आकर मिल जाता है. इस रोड पर लगातार यातायात का दबाव बढ़ रहा है. इसकी वजह से रोजाना यहां जाम की स्थिति बनी रहती है.

हमेशा होता है ट्रैफिक प्रेशर

मेरठ मोदीनगर मुरादनगर और गाजियाबाद से चलकर दिल्ली नोएडा की तरफ जाने आने वाले लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं. इसकी वजह से ट्रैफिक प्रेशर अधिक रहता है. रोजाना सुबह और शाम राजनगर एक्सटेंशन से निकलने वाले लोग इस जाम में फंसते हैं. इससे उनका काफी नुकसान होता है. इस समस्या को लेकर लोग लगातार जीडीए में शिकायत करते हैं. यहां तक कि इस संबंध में सीएम योगी को भी शिकायत दी गई थी.

जीडीए ने जारी किया टेंडर

अब गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी ने 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड बनाने की योजना बनाई है. इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक लगभग 6 किलोमीटर लंबे इस आउटर रिंग रोड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इस रिंग रोड पर सिटी फॉरेस्ट के पास से सीधे एनपीआर की तरफ मुख्य मार्ग के साथ-साथ सर्विस रोड भी बनाया जाएगा. इससे यहां स्थानीय लोगों को अपना वाहन निकालने में कोई परेशानी नहीं होगी.

Follow Us