15वीं मंजिल से छात्रा ने क्यों लगाई छलांग? सुसाइड नोट में खुद बताया, बोली मैं खुद दोषी हूं
गाजियाबाद में 15वीं मंजिल से कूदकर एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली. उसके सुसाइड नोट से पता चला कि वह पढ़ाई के भारी दबाव को सहन नहीं कर पा रही थी. नोट में उसने इस घटना के लिए खुद को दोषी ठहराया है. इस नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता से प्यार का इजहार भी किया है.
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के विजय नगर में 15वीं मंजिल से छलांग लगाने वाली छात्रा का सुसाइड नोट पुलिस ने बरामद किया है. इसमें छात्रा ने सुसाइड की वजह पढ़ाई का प्रेशर बताया है. लिखा है कि वह झेल नहीं पा रही थी. इसके लिए उसने अपने मम्मी-पापा से माफी भी मांगी है. साथ ही बताया कि इसके लिए कोई और नहीं, बल्कि वह खुद दोषी है. इस सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने मम्मी-पापा के प्रति प्यार का इजहार भी किया है.
उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि ‘मम्मी-पापा I Love You, पढ़ाई का प्रेशर नहीं झेल सकती, मैं ये सिर्फ़ पढ़ाई के दबाव की वजह से कर रही हूं, इसके लिए किसी और को दोष नहीं दे रही हूं, मैं खुद को ही दोषी मानती हूं, मम्मी-पापा, मैं आप लोगों से बहुत प्यार करती हूं.’ हालांकि पुलिस छात्रा के इस सुसाइड नोट को अंतिम ना मानते हुए हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.
मंगलवार शाम की है घटना
गाजियाबाद की विजयनगर थाना पुलिस के मुताबिक गौर सिद्धार्थम सोसाइटी से मंगलवार शाम सूचना मिली थी. बताया गया था कि एक 16 वर्षीय किशोरी ने 15वीं मंजिल से कूद कर सुसाइड कर ली है. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इंस्पेक्टर विजयनगर धर्मपाल सिंह के मुताबिक लड़की के पास से एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें उसने अपने सुसाइड की वजह बयां की है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
विजय नगर थाना पुलिस के मुताबिक मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है. इस नोट की जांच फोरेंसिक टीम कर रही है. इसके अलावा किशोरी के परिजनों और पड़ोसियों के अलावा उसके स्कूल टीचर से भी पूछताछ कर ही है. पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर छात्रा ने इतना बड़ा फैसला क्यों और किन परिस्थितियों में लिया? पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों की सत्यता की भी पड़ताल कर रही है. इसी क्रम में उसकी बीते दिनों की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है.
शव का कराया पोस्टमार्टम
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था. आज शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मामले की जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. इंस्पेक्टर विजय नगर के मुताबिक अब तक की जांच में मामला सुसाइड के रूप में ही सामने आया है, हालांकि यह सवाल अभी भी है कि छात्रा ने सुसाइड क्यों किया. इन सवालों की पड़ताल जारी है.