एक लाख के इनामी शंकर पांडे पर कसा शिकंजा, घर पर चस्पा हुआ कुर्की का नोटिस
गाजीपुर के विनीत राय हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी शंकर पांडे की संपत्ति अब कुर्क होगी. एक लाख के इनामी शंकर पांडे पर NBW के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी. अब कोर्ट ने उसकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया. पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी है.
गाजीपुर के बहुचर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे के खिलाफ अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. लंबे समय से फरार चल रहे शंकर पांडे की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कोर्ट के आदेश पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने उसके घर पहुंचकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया.
विनीत राय हत्याकांड में शंकर पांडे पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है. इसके अलावा वह चर्चित सचिन अपहरण कांड में भी आरोपी है. इस मामले में अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी करते हुए पुलिस को गिरफ्तार कर पेश करने का निर्देश दिया था. लेकिन लगातार फरार रहने के कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी.
17 अगस्त तक कुर्की की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश
सहायक शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने बताया कि सचिन अपहरण कांड पहले उद्घोषणा की कार्रवाई हुई थी. इसके बाद अब कोर्ट ने BNSS की धारा 85 के तहत आरोपी शंकर पांडे की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया है. अदालत ने पुलिस को 17 अगस्त 2026 तक कुर्की की कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.
इसी आदेश के अनुपालन में बुधवार को गाजीपुर कोतवाली पुलिस शंकर पांडे के गौशाबाद स्थित आवास पर पहुंची. पुलिस ने धारा 84 के तहत मुनादी कराई और कुर्की संबंधी नोटिस घर पर चस्पा किया. यदि निर्धारित समय तक आरोपी अदालत के सामने पेश नहीं होता है, तो उसकी संपत्ति कुर्क करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं और अदालत के आदेश के अनुसार आगे की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी. बता दें कि 5 सितंबर 2024 को व्यापारी सचिन चौरसिया के कथित अपहरण और मारपीट की गई थी. आरोप है कि शंकर पांडे ने अपने साथियों के साथ सचिन को जबरन अगवा किया था.
