‘ये एनकाउंटर नहीं हत्या है’, कमलेश के भाई ने उठाए सवाल; CM योगी से मांगा इंसाफ

गाजीपुर में कमलेश चौधरी के पुलिस एनकाउंटर पर गंभीर सवाल उठे हैं. परिवार ने इसे फर्जी हत्या बताया है, आरोप है कि कमलेश को OBC और सपा कार्यकर्ता होने के कारण निशाना बनाया गया. साथ ही कमलेश के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

कमलेश चौधरी एनकाउंटर को भाई ने बताया हत्या

गाजीपुर में होटल व्यवसायी के बेटे विनीत राय हत्याकांड के आरोपी इनामी बदमाश कमलेश चौधरी (कमलेश बिंद) के एनकाउंटर पर भारी बवाल मचा है. अब कमलेश चौधरी के बड़े भाई जो ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हैं, उन्होंने बताया कि उनके भाई का पुलिस ने एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या किया है. क्योंकि मुकदमे में उसका नाम फर्जी तरीके से डाला गया था.

एनकाउंटर में मारे गए कमलेश चौधरी के भाई संजय बिंद का कहना है कि जब यह घटना हुई थी तब वह रामगढ़ बिहार में था. पुलिस वहां से उठाकर लाई और फिर फर्जी तरीके से यहां एनकाउंटर किया गया. उन्होंने बताया कि हम लोग बैकवर्ड जाति (OBC) के हैं इसलिए हम लोगों को डराया और सताया जा रहा है और इसे राजनीतिक तूल दिया जा रहा है.

होटल मालिक खुद कटरा गैंग से संबंध रखते थे

संजय बिंद का कहना है कि चूकी हमारा भाई (कमलेश चौधरी) समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता भी था जिसकी वजह से उसकी जान गई है. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. साथ ही होटल व्यवसायी पर गंभीर आरोप लगाया है और कहा कि कमलेश चौधरी होटल में चल रहे अवैध धंधों का विरोध कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से होटल मालिक आलोक राय खुद कटरा गैंग से संबंध रखते थे. बीच में कुछ आपसी झगड़े के कारण वह कटरा गैंग से अलग हो गए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कोई भी बीयर बार 10:00 बजे तक खुलता है लेकिन इनका बीयर बार देर रात दो-दो बजे तक खुला रहता था और उनके होटल में वेश्यावृति और लड़कियों का आना-जाना था.

आलोक राय पर कार्रवाई हो, होटल पर चले बुलडोजर

संजय बिंद का दावा है कि आलोक राय ने अपने बेटे की हत्या में कमलेश को फंसाया क्योंकि कमलेश उनके होटल में होने वाले गंदे कामों का विरोध करता था. संजय का कहना है, कि उस होटल में लड़कियों की जिस्मफरोशी होती है, बीयर बार में रोज मारपीट होती है. कमलेश और उसके दोस्त विरोध करते थे, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया.

संजय कुमार बिंद ने भावुक होकर कहा, ‘मैं योगी जी से इंसाफ मांगूंगा. कोर्ट तक जाऊंगा. पुलिस आलोक राय का सीडीआर निकाले. अगर होटल में करोड़ों का टैक्स देते हैं तो सीसीटीवी क्यों नहीं लगवाया? सीसीटीवी होता तो सच सामने आ जाता.’ उन्होंने मांग की कि आलोक राय पर भी कार्रवाई हो, उनके होटल पर भी बुलडोजर चलना चाहिए.

अखिलेश के बयान पर केशव मौर्य ने साधा निशाना

वहीं, इस मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हमला बोलते कहा कि बीजेपी राज में महाभ्रष्ट ‘शासन-प्रशासन’ ने जनता का विश्वास खो दिया है. हत्याओं और एनकाउंटर ने य़ूपी की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि ये कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि सरेआम की गई हत्या का मामला है.

इसपर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, ‘सपा की यही बीमारी है, उनकी बातों पर भरोसा न करें. जाति नहीं, अपराध देखकर कार्रवाई होती है. पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई होती है, कानून सबके लिए समान है. बीते दिन सड़क पर लाश कर पुलिस पर पथराव किया था, इसमें कई जवान घायल हुए थे.

Follow Us