दहेज में 2 दुकान मांग रहा था पति, नहीं मिली तो पत्नी को पंखे से लटकाया; शव आते ही मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश की रिद्धि शुक्ला की गुजरात में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पति दुर्गेश शुक्ला पर दो दुकानें अपने नाम न करने पर पत्नी को पीटकर हत्या करने और पंखे से लटकाने का आरोप है. परिजनों के मुताबिक, मारपीट कर हाथ भी तोड़ा गया था. गोंडा में शव पहुंचते ही आक्रोश फैल गया.
उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली एक महिला की गुजरात के बड़ौदा में हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला के पति ने दहेज की मांग पूरी ना होने पर इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपी पत्नी पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पिता की दोनों दुकानों को उसके नाम पर कर दें. इसके लिए आए दिन पति-पत्नी में झगड़े भी होते थे. महिला के परिजनों के मुताबिक मांग पूरी ना होने पर आरोपी ने पहले उनकी बेटी के साथ मारपीट कर हाथ तोड़ दिया था.
इसके बाद अब महिला की हत्या कर पंखे से लटका दिया. वारदात की सूचना मिलने पर बड़ौदा पहुंचे परिजन बेटी का शव लेकर रविवार को घर पहुंचे. इसके बाद युवती की मां ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. मामला गोंडा में देहात कोतवाली में धनईपट्टी का है. मृत महिला की पहचान इस गांव में रहने वाली रिद्धि शुक्ला के रूप में हुई है.
तीन साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक रिद्धि की शादी करीब तीन साल पहले बड़े धूमधाम से ठड़क्की पट्टी में रहने वाले दुर्गेश शुक्ला के साथ हुई थी. शादी के वक्त खूब दान दहेज भी दिया था, लेकिन ससुरालियों की डिमांड कम नहीं हुई. रिद्धि की मां ने पुलिस को दिए तहरीर में रिद्धि के पति दुर्गेश शुक्ला के अलावा उसकी सास और एक कमलेश मिश्रा नामक व्यक्ति को दोषी बताया है. आरोप लगाया गया है कि दुर्गेश दहेज में दो दुकान लिखने का दबाव बना रहा था.
गांव में फैला आक्रोश
परिजनों के मुताबिक पति दुर्गेश करीब दो महीने पहले ही उसे अपने साथ बड़ौदा ले गया था. जहां उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद जब रिद्धि का शव गांव धनईपट्टी पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया. उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं घटना को लेकर पूरे गांव में आक्रोश फैल गया. पुलिस के मुताबिक पीड़ित मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.