पहले ईंट से कूच कर ली पत्नी की जान, फिर बनाई लूट की ऐसी कहानी… हैरान कर देगा खुलासा

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक पति ने अपनी पत्नी की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी. अपराध छिपाने के लिए उसने घर में लूटपाट की झूठी कहानी रची, जिससे पुलिस भी एक पल को गुमराह हो गई. हालांकि, त्वरित जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है.

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रिश्तों में कत्ल की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की पहले ईंट से कूचकर हत्या की, फिर घर में लूटपाट की कहानी बनाकर शोर मचा दिया. हालांकि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए हत्यारोपी पति अजय यादव को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक मामला प्रतापगढ़ में फतनपुर थाना क्षेत्र के पटहटिया कला गांव का है. इस गांव में रहने वाला अजय यादव शनिवार को शराब पीकर घर आया. इसी बात को लेकर पत्नी के साथ उसका झगड़ा हुआ. इसी दौरान आरोपी ने ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी. बताया कि उसके घर में घुसे चार बदमाशों ने लूटपाट की. विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी.

पुलिस भी हुई गुमराह

आरोपी ने पुलिस के सामने इस प्रकार कहानी बनाई कि एक पल को पुलिस भी गुमराह हो गई. पुलिस ने आरोपी की कहानी को सही मान लिया. हालांकि मामले की जांच आगे बढ़ी तो आरोपी का सारा झूठ खुलकर सामने आ गया. रानीगंज सीओ प्रशांत राज हुड्डा के मुताबिक महज एक घंटे की जांच में ही वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

नशे में किया मर्डर

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जब भी शराब पीकर आता, उसकी पत्नी झगड़ा करती थी. शनिवार की रात भी यही हुआ. जैसे ही पत्नी ने झगड़ा शुरू किया, उसने पास में पड़ा ईंट उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. आरोपी ने बताया कि पत्नी के शांत होते देख वह घबरा गया. लेकिन उसने पकड़े जाने से बचने के लिए लूटकी झूठी कहानी बना दी.

Follow Us