बहू का पहले गला घोंटा, फिर मूसली से मारकर ले ली जान; जमीन के एक टुकड़े के लिए हैवान बनी ददिया सास
अमरोहा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक 78 वर्षीय ददिया सास क्रांति गिरी ने अपनी बहू पायल की हत्या कर दी. पति की मौत के बाद जमीन पर हक को लेकर हुए विवाद में पहले गला घोंटा, फिर मूसली से वार कर जान ले ली. पुलिस जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक ददियासास ने अपनी ही बहू का गला घोंटकर हत्या कर दी. यही नहीं, आरोपी महिला ने लोहे की मूसली से कूचकर उसका सिर तक फोड़ दिया. इस वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इस फुटेज में बहू को विरोध करती नजर नहीं आ रही. इससे प्रतीत हो रहा है कि आरोपी महिला ने उसे पहले बेहोश कर दिया था.
वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में पुलिस परिजनों एवं पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है. अब तक जांच में वारदात के पीछे जमीनी विवाद की कहानी निकलकर सामने आई है. फिलहाल पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महिला अभी फरार है. उसकी तलाश में दबिश तेज कर दी गई है.
पोस्टमार्टम में हुई पुष्टि
पुलिस के मुताबिक मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बुखारीपुर का है. यहां रहने वाली पायल के पति दीपक ने पिछले महीने सुसाइड कर लिया था. पति की मौत के बाद पायल पुश्तैनी जमीन की खोजबीन करने लगी. इसी बात को लेकर शुक्रवार को घर
में विवाद हो गया. आरोप है कि इसी विवाद में पायल की 78 वर्षीया ददिया सास क्रांति गिरी ने लोहे की मूसली से वारकर उसकी हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मूसली के वार से पहले गला घोंटने की बात कही गई है.
सामने आई ये कहानी
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया के मुताबिक दीपक के दादा ने अपनी 16 बीघे जमीन उसके नाम कर दी थी. इसमें से छह बीघा जमीन दीपक ने बेच भी दिया था. अब बाकी के दस बीघे जमीन उसके मरने के बाद पत्नी पायल के नाम होनी थी. वहीं दीपक की दादी चाहती थी कि यह जमीन पायल के बजाय उसके नाती को मिले. इसीलिए वह पायल की शादी भी अपने नाती से कराना चाहती थी. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.