30 की दुल्हन-75 का दूल्हा… रील की रीच बढ़ाने का ट्रिक सीखते हुआ प्यार, गजब है ये प्रेम कहानी

उत्तर प्रदेश के औरैया में 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय रानी की अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान उनकी मुलाकात हुई और पहली नजर में प्यार हो गया. दोनों परिवार की सहमति से अब वे शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं.

राम सुगर की रानी

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक अनोखी शादी होने जा रही है. इस शादी में 75 साल के रामसुगर दूल्हा बनने जा रहे हैं. वहीं 30 साल की रानी दुल्हन बनने वाली हैं. दोनों पहले से शादीशुदा हैं, लेकिन प्यार हो गया तो दोनों एक बार फिर से शादी के बंधन में बंधने को तैयार हैं. दोनों के परिवार की सहमति से इनकी शादी की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. नवरात्रों के बाद किसी अच्छे मुहुर्त में दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे.

इनकी उम्र को देखकर आप सोच सकते हैं कि ऐसा कैसे हुआ. इस खबर आपके इसी सवाल का जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं. दरअसल, 75 वर्षीय रामसुगर की पत्नी का देहांत सात साल पहले हो गया था. इन्हें एक बेटा और तीन बेटियां हैं. इनकी एक बेटी जो इनसे 45 साल छोटी है, रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालती है. इसकी वजह से उसकी एक हमउम्र महिला रानी से दोस्ती हो गई. रानी भी रील बनाती है और उसका रीच बढ़ाने का ट्रिक सीखने के लिए रामसुगर की बेटी के पास आती थी.

एक नजर में हुआ प्यार

पत्नी के देहांत के बाद रामसुगर हमेशा उदास रहते थे. इसी बीच रानी को उन्होंने अपने घर में आते जाते देखा. संयोग से एक दिन दोनों का आमना सामना हो गया. आंखें चार हुई और पहली नजर का प्यार हो गया. चूंकि रानी के पति ने उसे छोड़ दिया था. उसे भी दो बच्चे हैं. धीरे-धीरे मुलाकातें बढ़ी और अब बात शादी तक पहुंच गई है. दोनों के परिवार वाले भी इस रिश्ते को मंजूरी दे चुकी है. दोनों परिवारों की मौजूदगी में ही पिछले दिनों सगाई और हल्दी मेंहदी का कार्यक्रम हुआ.

धूमधाम से हुई सगाई

जानकारी के मुताबिक रामसुगर औरैया के अरियारी गांव के रहने वाले हैं. रानी राजपूत के साथ उनकी सगाई पिछले दिनों एक पार्लर में हुई थी. उस समय दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई. फिर इनका हल्दी और मेंहदी का कार्यक्रम हुआ. इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में रामसुगर ने खुद बताया है कि नवरात्र के बाद किसी शुभ मुहूर्त में वह अपनी रानी के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे.

Follow Us