गोरखपुर: कांवड़ियों के जुलूस में करंट का कहर! डीजे की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत
गोरखपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे में उतरे करंट से एक कांवरिया की दुखद मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. घायल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. वहीं, पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार में मौजूद रही. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में रविवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जंगल धूषण के पास कांवड़ जुलूस के साथ चल रहे डीजे को खोलते समय अचानक करंट उतर गया. इसकी चपेट में आने से दो लोग झुलस गए. आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल अहमद अली शाह टोला हरिपुर निवासी करण चौहान पुत्र राम सिंह चौहान के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल युवक का नाम मोहन भारती है, वह डीजे संचालक है औपर बेलवा रायपुर, झाझवा चौराहा का रहने वाला है. डॉक्टरों ने उसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी है.
डीजे उतारते समय बिजली के खंभे से टकराया हाथ
बताया जा रहा है कि रविवार को कांवड़ यात्रा में डीजे भी शामिल था. यात्रा के दौरान जंगल धूषण के पास डीजे को उतारा जा रहा था. इसी दौरान डीजे संचालक का हाथ पास में मौजूद बिजली के खंभे से टच हो गया. खंभे में करंट होने के कारण डीजे संचालक और वहां मौजूद करण चौहान उसकी चपेट में आ गए.
अचानक करंट की चपेट में आने से दोनों मौके पर ही झुलस गए. हादसे के बाद कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को बिजली के संपर्क से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
एक ने तोड़ा दम, दूसरे को इलाज के बाद मिली छुट्टी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की मौजूदगी और पुलिस सुरक्षा में शव का अंतिम संस्कार कराया गया. हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
चौरी चौरा के क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ जुलूस के साथ चल रहे डीजे को खोलते समय बिजली के खंभे के संपर्क में आने से दो लोग करंट की चपेट में आ गए थे. पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और क्षेत्र में कांवड़ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है.