गोरखपुर पहुंचा ‘महाबली’, बाधा बना टोल प्लाजा तो बनाई नई सड़क; देखने को उमड़ पड़ी भीड़
बेल्जियम से आया 200 टन वजनी बॉयलर लेकर चला 300 पहियों का 'महाबली' ट्रक गोरखपुर पहुंच गया है. टोल प्लाजा पर बाधा आने के कारण इसके लिए नई सड़क बनाई गई. इसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है.
बेल्जियम से आए बॉयलर को लेकर यूपी के बलराम जा रहा 308 पहियों वाला ट्रक ‘महाबली’ अब गोरखपुर पहुंच गया है. यह भारी भरकम बॉयलर समुद्री जहाज से ओडिशा के बंदरगाह पर लाया गया. फिर यहां से 308 पहियों के 100 फीट लंबे विशाल मल्टी एक्शल हाइड्रोलिक ट्रक पर रखकर इसे बलरामपुर स्थित चीनी मिल के एथेनॉल प्लांट ले जाया जा रहा है.इस ट्रक पर लदे बॉयलर का वजन 200 टन से भी अधिक बताया जा रहा है.
इस ट्रक की लंबाई और इसपर रखे बॉयलर की ऊंचाई की वजह से इसे आगे बढ़ने में लगातार बाधाएं आ रही हैं. इसकी वजह से यह ट्रक एक दिन में मुश्किल से 10 से 15 किमी का ही सफर तय कर पाता है. बिजली की ओवरहेड लाइन, टोल प्लाजा और संकरी सड़क जैसी बाधाओं को दूर करने के लिए ट्रक के साथ विशेषज्ञों की पूरी टीम चल रही है. ऐसी ही एक बाधा गोरखपुर में टोल प्लाजा पर हुई. इसकी वजह से काफी देर तक ट्रक रूका रहा.
नई सड़क बनाकर पार हुआ टोल
गोरखपुर में टोल प्लाजा से सड़क पार करना मुश्किल हुआ तो टोल के पैरलल एक नई सड़क बनाई गई. इसके बाद ट्रक को धीरे धीरे टोल को पार कराया गया. इस दौरान इस महाबली ट्रक को देखने और उसके फोटो खिंचाने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस ट्रक को देखकर लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बाद इतना बड़ा ट्रक देखा. अधिकारियों के मुताबिक गोरखपुर-वाराणसी हाईवे से यह ट्रक आगे जाकर गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर मुड़ जाएगा.
विशेषज्ञों की टीम आसान कर रही राह
अधिकारियों के मुताबिक इस ट्रक की राह को आसान बनाने के लिए विशेषज्ञों की पूरी टीम साथ में चल रही है. ट्रक के आगे पुलिस की दो पायलट वाहन चल रहे हैं. साथ में अलग अलग क्षेत्र के विशेषज्ञों की टीम भी है. जहां सड़क संकरी है, तत्काल यह टीम वह सड़क का चौडीकरण कर दे रही है. जहां ओवरहेड लाइन नीचे हैं, इसी टीम के लोग पूरी लाइन ही शिफ्ट कर दे रहे हैं. इस प्रकार इस भरभरकम ट्रक को आगे बढ़ाया जा रहा है.
