गोरखपुर में महिला की न्यूड लाश मिलने से सनसनी, कपड़े-मोबाइल कुछ दूर थे बिखरे; गले पर चोट
गोरखपुर में एक महिला का नग्न शव सड़क किनारे खेत में मिला, जिससे हड़कंप मच गया है. पुलिस को शव के पास से मोबाइल, लोअर और चप्पल भी मिले हैं. प्रारंभिक जांच में गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है.
गोरखपुर में गुरुवार सुबह महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी फैल गई. झंगहा थाना क्षेत्र के गहिरा गांव के भूमिहार टोला में सड़क किनारे खेत में करीब 35 वर्षीय महिला की लाश पड़ी मिली. शव की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में महिला का शव देखा था. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी शिनाख्त के लिए गोरखपुर के साथ आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है.
शव से कुछ दूरी पर मिला मोबाइल और कपड़ा
पुलिस को घटनास्थल पर शव से कुछ दूरी पर महिला का मोबाइल फोन, लोअर और चप्पल मिली है. शुरुआती जांच में महिला के गले पर चोट के निशान मिले हैं. इसी वजह से प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला की मौत से पहले उसके साथ कोई आपराधिक घटना तो नहीं हुई थी.
कहीं और हत्या कर शव फेंकने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह करने के बाद शव को सड़क किनारे खेत में लाकर फेंका गया हो सकता है. घटनास्थल और आसपास के इलाकों की भी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि महिला को यहां तक लाने वाले लोगों के बारे में कोई सुराग मिल सके.
क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला का शव सड़क किनारे खेत में पड़ा है. शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.