ग्रेटर नोएडा: ईस्टर्न पेरीफेरल पर दर्दनाक हादसा, ट्रक और कार की भीषण टक्कर; तीन की मौत, एक बच्ची घायल

ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे हो गया. इसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है. दादरी कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से वेगनर कार को टक्कर मारी. पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है और घायल बच्ची का इलाज जारी है.

पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत

ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से वेगनर कर में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चीख पुकार मच गई. हादसे में तीन लोगों की मौत जबकि एक बच्ची घायल हुई है.

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले थे और बनारस की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि परिवार यात्रा पर निकला था. पुलिस ने तीनों मृतकों की पहचान विवेक, राम और ममता के रूप में की है. वहीं घायल बच्ची का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

ट्रक ने लापरवाही में कार को पीछे से टक्कर मारी

एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीछे से आ रहे ट्रक नंबर (RJ 40 GA 9877) ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते कार को पीछे से टक्कर मारी है. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश और गिरफ्तारी में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं.

यह घटना दादरी कट से गाजियाबाद की ओर ग्राम शाहपुर अंडरपास के पास की है. राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही घटनास्थल पर राहत बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त कार और ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया है.

चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित- ASP

वहीं, एसीपी दादरी प्रशाली गंगवार का यह भी कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्दी उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इसके अलावा हादसे के कारण की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके की दुर्घटना में लापरवाही किस स्तर पर हुई है. फिलहाल, पुलिस दर्दनाक सड़क हादसे की जांच में जुटी है.

Follow Us