ग्रेटर नोएडा में किन्नर का शव मिलने से हड़कंप, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका
ग्रेटर नोएडा में एक किन्नर का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा है. मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है.
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत तुगलपुर गांव में रविवार देर शाम एक किन्नर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक मकान की दूसरी मंजिल पर लहुलुहान अलस्था में पड़ा मिला है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है की चांदनी का शव तुगलपुर गांव में सलीम नाम के व्यक्ति के मकान की दूसरी मंजिल पर मिला है. कमरे की स्थिति और चोटो के निशान को देखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं
चांदनी के साथ कमरे में दूसरा व्यक्ति कौन था?
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है की चांदनी के साथ आखिर कमरे में दूसरा व्यक्ति कौन था?
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ प्रवीन रंजन ने बताया कि आज शाम डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक किन्नर का शव कमरे में लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया .वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रखी है.
हत्या के हर एंगल से मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस हत्या के हर एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सके. मृतक की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है. साथ ही संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक की किसी से कोई रंजिश या विवाद तो नहीं था. फिलहाल, पुलिस जांच शुरू है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
