क्या हवा में उड़ा हमीरपुर का पुल? छह मजदूरों की मौत पर अखिलेश का सरकार पर बड़ा हमला; FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल आंधी में ढह गया, जिससे छह मजदूरों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद पुल निर्माण में बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इसे भाजपा सरकार की "50% कमीशनखोरी" का नतीजा बताया और पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. सरकार ने एजेंसी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं.

हमीरपुर हादसे पर हमलावर अखिलेश

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल मामूली आंधी में ही धराशायी हो गया है. इसी के साथ पुल निर्माण में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इस भ्रष्टाचार को सरकार से जोड़ने की कोशिश की है. कहा कि बीजेपी की सरकार में 50 फीसदी कमीशन हो गया है. उधर, सरकार के निर्देश पर सेतु निगम ने पुल का निर्माण करने वाली एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है. वहीं मामले की जांच के लिए दो एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है.

आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों ने इस हादसे पर हैरानी जताई. कहा कि यदि डिजाइन में खामी होगी तो ही हवा के दबाव में पुल गिर सकता है. यदि भ्रष्टाचार हुआ तो फिर कुछ कहा ही नहीं जा सकता. उधर, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है. कहा कि इस सरकार में 50 फीसदी कमीशन के बिना तो कोई काम ही नहीं होता. उन्होंने इस हादसे की वजह सरकार में भ्रष्टाचार बताया है.

अखिलेश ने की ये मांग

इस हादसे में छह लोगों की मौत पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा है कि ये बहुत ही दुखदायी समाचार है. उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के साथ ही मृतकों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराने और उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. उन्होंने लिखा कि ये बहुत गंभीर बात है कि बीजेपी की सरकार में हो रहा हर निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है. इसकी मूल वजह 50% से भी ज्यादा की भाजपाई कमीशनखोरी है.

विकास से भय की स्थिति

अखिलेश यादव ने लिखा है कि कभी पुल गिरता है तो कभी पानी की टंकी. कभी स्टेशन की दीवार गिर जाती है तो कभी इनके बनाए हुए भवनों की छत टपकने लगती है. उन्होंने हमीरपुर हादसे पर सवाल उठाते कहा कि जो पुल हवा में उड़ जा रहे हैं, उसपर ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा? उन्होंने ऐसे विकास से भय का स्थिति पैदा हो गई है. बता दें कि हमीरपुर के कुरारा ब्लॉक में बेतवा नदी पर करीब 800 मीटर लंबे पुल का निर्माण हो रहा है. यह पुल मोरा कंदर और कंदौर गांवों को आपस में जोड़ेगा. निर्माण कार्य करीब 60 फीसदी पूरा हो चुका है. इसी बीच आंधी पानी में पुल गिर गया.

सीएम योगी जताया दुख

हमीरपुर पुल हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर हादसे में मृत मजदूरों की आत्मा की शांति की कामना की है. कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है. जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. उन्होंने जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेज करने को कहा है.

Follow Us