घर लौटने को तैयार नहीं थी पत्नी, ससुराल में ही टंकी पर चढ़ गया पति; BF से शादी के लिए टॉवर पर चढ़ी GF
यूपी में प्यार के चक्कर में दो हाई-वोल्टेज ड्रामे सामने आए हैं. हरदोई में पत्नी के घर न लौटने पर पति पानी की टंकी पर चढ़ा. वहीं, मिर्जापुर में एक युवती ने प्रेमी से शादी के लिए बिजली के टावर पर चढ़कर हंगामा किया. इन घटनाओं ने रिश्तों के नए ट्रेंड को उजागर किया, जहां लोग अपनी मांगों के लिए जोखिम भरे कदम उठा रहे हैं.
प्यार की कहानी में अब एक नया ट्रेंड शुरू हो गया है. बीते कुछ दिनों से टॉवर या पानी की टंकी पर चढ़े बिना यह कहानी पूरी ही नहीं हो रही. आज इसी तरह के दो नए मामले सामने आए हैं. इसमें एक उत्तर प्रदेश के हरदोई का है तो दूसरा मिर्जापुर का. हरदोई की कहानी में एक युवक अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल आया था, लेकिन पत्नी ने ससुराल लौटने से मना किया तो युवक वहीं पानी की टंकी पर चढ़ गया. उधर, मिर्जापुर में एक युवती अपने प्रेमी से शादी के लिए टॉवर पर चढ़ गई. इन दोनों ही मामलों में घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक हरिओम शाहाबाद का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी काफी समय से ससुराल में आकर बैठी है. उसे एक बच्चा भी है. वह अपने बच्चे और पत्नी को विदा करने के लिए आया, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया. मजबूरी में उसे यह कदम उठाना पड़ा है. बताया कि उसकी शादी सांडी के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी पायल के साथ करीब 4 साल पहले हुई थी.
याद सताई तो पहुंचा ससुराल
हरिओम के मुताबिक उसे पत्नी-बच्चे की याद सताती है. इसलिए वह विदाई कराने के लिए ससुराल आया था. हरिओम ने बताया कि उसने पत्नी को मनाने की खूब कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी तो उसने पहले शराब पी और फिर पास में पानी की टंकी पर चढ़कर लोगों को अपनी समस्या बताया. हालांकि पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा है. पुलिस ने इस मामले में उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है.
टॉवर पर चढ़ी किशोरी
उधर, मिर्जापुर में एक नाबालिग लड़की बिजली के हाई टेंशन टावर पर चढ़ गई. घटना सुबह चार बजे की है. खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए. आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा है. घटना देहात कोतवाली के बेदौली कला गांव की है. बताया जा रहा नाबालिग लड़की का गांव के ही रहने वाले राहुल नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन लड़का इसके लिए तैयार नहीं था.
