देवर से थे पत्नी के अवैध संबंध, बड़े भाई ने टोका तो छोटे ने पत्थर से कूचकर ले ली जान; मचा हड़कंप
नोएडा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक छोटे भाई शिव कुमार ने अपनी भाभी के साथ अवैध संबंधों का विरोध करने पर बड़े भाई अनिल की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी. अनिल को जेल से छूटने के बाद इस संबंध का पता चला था. पुलिस ने आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना हुई है. शनिवार की रात यहां एक छोटे भाई ने बड़े भाई की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी. वारदात के पीछे की वजह अवैध संबंधों के रूप में सामने आई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वारदात नोएडा सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के के सेक्टर 104 स्थित हाजीपुर गांव की है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बड़ा भाई अनिल किसी अपराध में जेल गया था. हाल ही में जेल से छूटकर आया है. बाहर आने के बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी और छोटे भाई शिव कुमार के बीच अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन रहने लगी. आए दिन झगड़े होने लगे. इस अवैध संबंधों को लेकर ही शनिवार की रात दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ और इस दौरान छोटे भाई शिव कुमार ने कथित तौर पर पत्थर से हमला कर बड़े भाई अनिल की जान ले ली.
इलाज के दौरान हुई मौत
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इस हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया था. परिजनों और पास पड़ोस के लोगों ने आनन फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्राथमिक जांच में अनिल के सिर और शरीर के बाकी हिस्सों में ईंट पत्थर से चोट के गहरे घाव नजर आए हैं. पंचनामा में इन सभी घावों को दर्ज किया गया है.
आरोपी भाई अरेस्ट
नोएडा सेक्टर 39 थाना प्रभारी के मुताबिक शुरुआती जांच में हत्या की वजह पत्नी और छोटे भाई के बीच संबंधों के रूप में सामने आई है. इस इनपुट के आधार पर आरोपी छोटे भाई शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं बड़े भाई अनिल का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.
