जहां बजनी थी शहनाई, गूंज रही चीखें… भतीजी की शादी वाले दिन चाचा संग हादसा, नहर में समाई कार; 2 की मौत

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां भतीजी की शादी वाले दिन चाचा सहित दो लोगों की कार नहर में गिरने से मौत हो गई. जहां शहनाइयां बजनी थीं, वहां मातम पसर गया और चीखें गूंज रही हैं. कोटरा-ऐट मार्ग पर पहले बाइक से टक्कर हुई, फिर हड़बड़ी में कार बेकाबू होकर नहर में समा गई.

जालौन में हादसे के बाद जेसीबी से निकाली कार

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां कोटरा थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर एक बाइक को टक्कर मारने के बाद कार नाले में गिर गई. इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई. इनमें से एक के घर में आज ही भतीजी की शादी है. ऐसे में शादी वाले घर में जहां शहनाइयां बजनी चाहिए, मातम पसरा है. घर के बाहर भीतर चीखें गूंज रही हैं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक कैलिया थाना क्षेत्र में पचीपुरा खुर्द गांव निवासी जितेंद्र सिंह (50) और उनके मित्र बाबा इंद्रपाल सिंह (55) बुधवार की सुबह 4 बजे अपनी कार में सवार होकर कोटरा में रहने वाले एक वैद्य के पास पथरी की दवा लेने गए थे. इंद्रपाल सिंह अयोध्या के लाल कोठी आश्रम शाखा के पचीपुरा खुर्द के ट्रस्टी थे, जबकि जितेंद्र खेती-किसानी का काम करते थे. वहां से वापस लौटते समय सुबह करीब 11:30 बजे इनकी कार से कोटरा-ऐट मार्ग पर करथरा मोड़ के पास एक बाइक से टक्कर हो गई.

हड़बड़ी में नाले में गिरी कार

इस हादसे में बाइक सवार गणेशगंज निवासी रियाज और उनकी पत्नी घायल हो गए. इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ ने जितेंद्र की कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जितेंद्र जल्दी से गाड़ी लेकर भागे. इसी हड़बड़ी में 2 किलोमीटर जाकर इनकी कार बेकाबू हो गई और देखते ही देखते बिनौरा नहर के पुल से नीचे गिर गई. इस हादसे में कार में सवार जितेंद्र और इंद्रपाल दोनों की मौत हो गई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों शवों समेत इनकी कार को नहर से बाहर निकाला है.

शवों की हालत देख कांप गया कलेजा

पुलिस ने कार में रस्से बांधकर जेसीबी की मदद से बाहर खींचा. उस समय एक शव कार में आगे का शीशा तोड़कर आधा बाहर लटका हुआ था. यह देखकर पुलिस ही, वहां मौजूद लोगों का भी कलेजा कांप गया. वहीं हादसे की सूचना मिलने पर जितेंद्र के परिवार में जहां थोड़ी देर पहले तक जश्न का माहौल था, मातम पसर गया. परिजनों के मुताबिक आज ही जितेंद्र के भाई की बेटी की बारात आने वाली है. उसकी शादी कोंच के शकुंतला पैलेस में होनी है. घर में मेहमानों का जमावड़ा है.