जालौन के SDM रिंकू सिंह राही का तबादला, BJP ब्लॉक प्रमुख को जड़ा था थप्पड़
जालौन के SDM रिंकू सिंह राही का तबादला ब्लॉक प्रमुख से विवाद के बाद हुआ है. अब राकेश कुमार सोनी नए एसडीएम बने हैं. रिंकू राही पर बीजेपी ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने कोल्ड स्टोरेज निरीक्षण के दौरान थप्पड़ मारने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था. जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यभार बदलने के निर्देश दिए हैं.
जालौन में तैनात IAS अधिकारी और SDM रिंकू सिंह राही का तबादला कर दिया गया है. जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रिंकू सिंह राही को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (न्यायिक) उरई के पद पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
IAS रिंकू सिंह राही का तबादला बीजेपी के ब्लॉक प्रमुख से हुए विवाद के बाद किया गया है. बीजेपी के जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने उन पर निरीक्षण के दौरान अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था. इस मामले का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसके बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी.
पूरी घटना CCTV कैमरों में हो गई रिकॉर्ड
ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के अनुसार, 23 जून को SDM रिंकू सिंह राही बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे. आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ मारा. हालांकि, उनका दावा है कि थप्पड़ गाल के बजाय हाथ पर लगा.
वहीं, यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. ब्लॉक प्रमुख ने पत्रकारों के सामने सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत किया. साथ ही यही फुटेज जिलाधिकारी को साक्ष्य के रूप में सौंपा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच के आदेश दिए थे.
पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहे IAS
वहीं, अब डीएम ने रिंकू सिंह राही को उरई में तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं. रिंकू सिंह राही इससे पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं. साल 2025 में शाहजहांपुर में एसडीएम रहते हुए खुले में पेशाब करने पर एक वकील के मुंशी से उठक-बैठक कराई थी. मामला बढ़ने पर उन्हें खुद भी कान पकड़कर उठक-बैठक करनी पड़ी थी.
इसके अलावा, 2026 में उन्होंने लंबे समय तक फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलने पर इस्तीफा तक दे दिया था. हालांकि, बाद में इसे वापस ले लिया गया. इस प्रकरण के बाद ही उन्हें जालौन में तैनात किया गया था. बता दें कि IAS बनने से पहले रिंकी राही 2004 बैच के PCS अधिकारी थे. साल 2021 में उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बने थे.
