पहले वकील को धमकी, फिर पीट-पीटकर हत्या; सपा MLA ने उठाए सवाल… फिर हुआ एक्शन

जौनपुर में एक वकील को धमकी के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. समय रहते पुलिस को वकील ने शिकायत भी दी, बावजूद इसके पुलिस निष्क्रिय बनी रही. जमीनी विवाद में हुए इस जघन्य अपराध पर सपा MLA रागिनी सोनकर ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. वकीलों के विरोध प्रदर्शन के बाद एसपी जौनपुर ने थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है.

एसपी जौनपुर के ऑफिस का घेराव करते वकील

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बदमाशों ने एक वकील को पहले फोन पर धमकी दी. वकील ने पुलिस में शिकायत दी तो बदमाशों ने पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी. जमीनी विवाद में हुए इस खूनी खेल को लेकर सपा विधायक रागिनी सोनकर ने कानून व्यवस्था और प्रदेश सरकार पर हमला बोला है. मामला जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र में गोबरा गांव का है. इस मामले में एसपी जौनपुर ने चंदवक थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है.

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक मृत वकील की पहचान इसी गांव में रहने वाले सच्चिदानंद मिश्र के रूप में हुई है. वकील की इसी गांव में रहने वाले विष्णु कांत मिश्र के साथ जमीनी विवाद चल रहा था. आरोप है कि 12 मार्च की दोपहर विष्णुकांत मिश्र ने फोन पर सच्चिदानंद के साथ गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी.

13 मार्च को दी थी पुलिस में शिकायत

इसके बाद सच्चिदानंद 13 मार्च को पुलिस में शिकायत दी. आरोपियों की धमकी की कॉल रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंपा था. बावजूद इसके, पुलिस ने समय रहते कोई एक्शन नहीं लिया. इससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और उन लोगों ने सच्चिदानंद की पीट-पीटकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर साथी वकीलों ने हंगामा खड़ा कर दिया. वकीलों ने मंगलवार को एसपी ऑफिस का घेराव किया और आरोपियों की धरपकड़ की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की.

वकीलों ने घेरा कलक्ट्रेट

घटना के बाद वकीलों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया. इस दौरान कलेक्ट्रेट के वकील रजनीश शुक्ला ने कहा कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है. मामले को डायवर्ट करने के लिए आरोपी की पत्नी से मृतक के अफेयर की कहानी गढ़ रही है. वकीलों ने कहा कि यह मामला जमीनी विवाद का है, जो न्यायालय में लंबित है. उधर, जौनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

SHO समेत तीन सस्पेंड

मामला तूल पकड़ते देख जौनपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने चंदवक थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह को सस्पेंड कर दिया है. उनके साथ ही एसपी जौनपुर ने मुख्य आरक्षी राजकुमार यादव और आरक्षी विकास कन्नौजिया को भी सस्पेंड किया है. इसी के साथ तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. उधर, सपा विधायक रागिनी सोनकर ने इस मामले को पुलिस और सरकार की नाकामी बताते हुए हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वारदात के लिए केवल वह जिम्मेदार नहीं, जिसने अंजाम दिया है. बल्कि इस वारदात के लिए पूरा थाना और पुलिस प्रशासन भी जिम्मेदार है.

Follow Us