जिसके लिए की BF को मारी गोली, उसी ने रेत दिया गला; हैरान कर देगी वजह… बागपत में डबल मर्डर मिस्ट्री
बागपत के सनसनीखेज डबल मर्डर केस का खुलासा हो गया है. पुलिस ने बीजेपी नेता सुधारस चौहान को गिरफ्तार कर बताया कि प्रेम प्रसंग, विवाद और धोखे के चलते राखी कश्यप ने पहले विक्रांत की हत्या की. बाद में खुलासा होने के डर से सुधारस और कपिल ने राखी को मार डाला. इस खौफनाक वारदात में प्यार, धोखा और हत्या का गहरा जाल सामने आया है.
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की पुलिस ने बागपत में हुए एक डबल मर्डर केस का हैरतंगेज खुलासा किया है. 15 दिन के अंदर हुए इन दोनों वारदातों का कनेक्शन जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी को अरेट कर लिया है. आरोपी की पहचान बीजेपी युवा र्मोचा के नेता सुधारस चौहान के रूप में हुई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि इस वारदात के पीछे की वजह प्रेम-प्रसंग, विवाद, धोखा और पकड़े जाने का डर आदि है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक यह दोनों वारदात बागपत जिले में हुईं, लेकिन दोनों के शव सहारनपुर में बरामद हुए.
मृतकों की पहचान डूडा में संविदा कर्मी विक्रांत और उसकी गर्लफ्रेंड राखी कश्यप के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक प्रयागराज में रहने वाला विक्रांत बागपत के डूडा विभाग में 2018 से संविदा पर तैनात था. वह 15 अप्रैल 2026 को रोज की तरह ऑफिस तो गया, लेकिन वापस घर नहीं लौटा. उसकी पत्नी नोएडा में सरकारी विभाग में तैनात है. उसने फोन पर विक्रांत से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला. बाद में सहकर्मियों से पूछताछ के बाद उसने 23 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई.
सहारनपुर में मिले थे दोनों शव
प्राची ने पुलिस में दिए शिकायत में राखी नामक महिला पर संदेह जताया था. बताया कि वह विक्रांत पर दबाव बना रही थी. इसी बीच पुलिस ने 17 अप्रैल को सहारनपुर में नहर से एक शव बरामद किया, जिसकी बाद में पहचान विक्रांत के रूप में हुई. शव की हालत खराब थी. हाथ-पैर बंधे हुए थे और चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया था. अभी शव की जांच हो ही रही थी कि 27 अप्रैल को सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र के जंगल में एक युवती का शव मिला. इसकी पहचान राखी कश्यप के रूप में हुई. इसके गले पर धारदार हथियार से वार किए गए थे. शरीर पर कई चोटों के निशान भी थे.
ये हुआ खुलासा
राखी का शव मिलने के बाद पुलिस ने नए एंगल से मामले की जांच की. इसमें पता चला कि 16 अप्रैल को बागपत में राखी के घर एक पार्टी हुई थी. इस पार्टी में विक्रांत, सुधारस चौहान, कपिल चौहान समेत कुछ अन्य लोग मौजूद थे. इस पार्टी में इनके बीच झगड़ा भी हुआ था. इसमें राखी ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत को गोली मार दी. इसके बाद आरोपियों ने शव को क्षतिग्रस्त कर नहर में फेंक दिया था. बाद में सुधारस और कपिल को डर था कि राखी मामले का खुलासा कर सकती है. इसलिए दोनों ने साजिश के तहत उसे सहारनपुर के एक फार्महाउस में बुलाया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी.
दो पति और दो बॉयफ्रेंड
पुलिस जांच में सामने आया कि 27 वर्षीय राखी कश्यप लग्जरी लाइफस्टाइल जीती थी. उसकी दो शादियां हुई थीं और दोनों से तलाक हो चुके थे. इसके बाद उसके प्रेम संबंध विक्रांत और सुधारस के साथ थे. वह लंबे समय से अपने परिवार से अलग रहती थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, राखी पर कई लोगों से विवाद और ठगी के आरोप भी थे. वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और उसके हजारों फॉलोअर्स थे. राखी के पास लाइसेंसी पिस्टल भी था जिसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बताया जा रहा है कि विक्रांत और राखी तीन साल से रिश्ते में थे और शादी की योजना बना रहे थे. अपनी मौत से ठीक पहले विक्रांत ने अपने खाते से चार लाख रुपये भी निकाले थे.
