‘प्रिंसिपल को हटाओ’, झांसी में 200 छात्रों ने खुद को हॉस्टल में किया बंद; खाना खाने से भी इनकार
झांसी के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 200 छात्रों ने प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुद को हॉस्टल में बंद कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रशासन ने अब प्रधानाचार्य को छुट्टी पर भेज दिया और दूसरे को प्रभार सौंपा. साथ ही डीएम ने जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है.
झांसी के बरुआसागर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 200 छात्रों ने विद्यालय के प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों ने खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया और खाना खाने से भी इनकार कर दिया.
छात्रों के इस विरोध के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रशासनिक कदम उठाए गए. जिला प्रशासन ने विद्यालय के प्रिंसिपल वीरेंद्र कुशवाहा को छुट्टी पर भेज दिया है. वहीं, उप प्रधानाचार्य पीपी पांडेय को विद्यालय के प्रधानाचार्य का प्रभार सौंपा गया है.
पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन
बुधवार रात छात्रों के हॉस्टल में खुद को बंद करने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे. एडीएम शिव प्रताप शुक्ला ने छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना. वहीं छात्रों ने प्रिंसिपल को तत्काल हटाने की मांग रखी. प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को उनकी शिकायतों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया.
इसके बाद छात्रों ने अपना विरोध समाप्त कर हॉस्टल के कमरों से बाहर आकर प्रदर्शन खत्म कर दिया. एडीएम शिव प्रताप शुक्ला के अनुसार, जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है. कमेटी प्रतिदिन विद्यालय का निरीक्षण और छात्रों की शिकायतों की जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी.
एक सप्ताह बाद ADM करेंगे स्कूल का भ्रमण
इसके अलावा, एक सप्ताह बाद एडीएम और मुख्य विकास अधिकारी विद्यालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का आकलन करेंगे. प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि विद्यालय में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न की जाती है या छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
छात्रों के विरोध की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी विद्यालय पहुंचे. उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और उनकी शिकायतों की जानकारी ली. फिलहाल, प्रशासन की जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है?
रिपोर्ट- अमित सोनी, टीवी9, झांसी
