जयमाल के बाद होने थे फेरे, दूल्हे के लालच ने करा दिया महाभारत; मारपीट के बाद बैरंग लौटी बारात

झांसी में एक शादी समारोह में दूल्हे ने जयमाल के बाद अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी. दुल्हन पक्ष के मना करने पर विवाद बढ़ा और फिर दोनों पक्षों में मारपीट हुई. हालात को देखते हुए दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया. इसके बाद बारात बैरंग लौट गई. पुलिस ने दुल्हन की तहरीर पर दूल्हे व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. यहां दुल्हन के घर बारात आई तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने खूब खातिरदारी की. फिर जयमाल हुआ. इस दौरान दूल्हे को लगा कि कुछ डिमांड की जाए तो दुल्हन पक्ष के लोग जरूर पूरा कर देंगे. फिर क्या था, दूल्हे ने रख दी डिमांड. इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने काफी मान मनौवल की. फिर भी बात नहीं बनी तो जमकर मारपीट भी हुई.

मामला झांसी के मोहल्ला कालीमाई का है. जानकारी के मुताबिक इस मोहल्ले में रहने वाली लड़की भावना की शादी झांसी के ही उदेश के साथ तय हुई थी. यह शादी 25 मई को शहर के ही एक बारात घर में होनी थी. इसके लिए बड़े जश्नपूर्ण माहौल में दूल्हा बारात लेकर बारात घर पहुंच भी गया. इसके बाद राजी-खुशी से जयमाल का कार्यक्रम हुआ. भावना के जीजा जीतेंद्र अहिरवार के मुताबिक जयमाल होते ही दूल्हा पक्ष के लोगों ने दहेज में अतिरिक्त रकम की डिमांड कर दी.

फिर हुआ विवाद

लड़की पक्ष ने इस रकम की व्यवस्था नहीं हो पाने की बात कही. इसके जवाब में दूल्हा पक्ष के साथ कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते मामला गर्म हो गया. खुद दुल्हन ने दूल्हे के भाइयों पर गंभीर आरोप लगाया. कहा कि उन लोगों ने उसके भाईयों के साथ ना केवल मारपीट की, बल्कि उसकी दीदी के ऊपर भी डोसा फेंककर मारा. यहां तक कि भाभी और
जीजा के साथ भी मारपीट की.

4 लाख तय हुआ था दहेज

दुल्हन पक्ष ने बताया कि इस शादी में 4 लाख रुपये नगद तय हुए थे. यह रकम पहले ही दे दी गई थी. इसके अलावा दूल्हे के परिवार वालों को 35 जोड़ी कपड़े दिए गए थे. शादी के आयोजन में भी 10 लाख रुपए खर्च हुए. इसके बाद भी दूल्हा पक्ष अब 5-7 लाख रुपयों की डिमांड करने लगा. ऐसी स्थिति में जयमाल के बाद शादी की रस्में रोक दी गईं. खुद दुल्हन ही शादी से मनाकर वहां से चली गई. वहीं मारपीट शुरू होने पर दूल्हा भी भागने लगा.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक दुल्हन भावना की तहरीर पर दूल्हा समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसमें दुल्हन पक्ष ने दहेज की रकम के अलावा आयोजन में हुए सभी खर्चों की भरपायी करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us