प्रेमानंद महाराज के प्रिय जोजो-जॉनी चोरी; जयपुर के कलाकार ने की भावुक अपील
वृंदावन में कलाकार राहुल मिश्रा के प्रिय पपेट्स, जोजो और जॉनी चोरी हो गए हैं. ये पपेट्स संत प्रेमानंद महाराज के समक्ष प्रस्तुतियां दे चुके हैं. जयपुर के रहने वाले राहुल मिश्रा ने पुलिस की ढिलाई पर निराशा व्यक्त करते हुए लोगों से जोजो और जॉनी को ढूंढने में मदद की भावुक अपील की है.
वृंदावन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां कलाकार राहुल मिश्रा के पपेट्स, जोजो और जॉनी को किसी ने चोरी कर लिया. ये पपेट्स संत प्रेमानंद महाराज के समक्ष प्रस्तुतियां दे चुके हैं. पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद रात भर कोतवाली, पुलिस चौकी और पर्यटन थाने के चक्कर काटने पड़े, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया.
जयपुर के रहने वाले वेंट्रिलोक्विस्ट (पेटबोली कलाकार) राहुल मिश्रा, अपने दो पपेट्स ‘जोजो’ और ‘जॉनी’ को लेकर वृंदावन स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे थे. कलाकार राहुल मिश्रा और उनके साथियों ने अपना सामान एक ई-रिक्शा पर रखा था. इसी बीच चालक ई-रिक्शा में रखा बैग लेकर चंपत हो गया. बैग में जोजो और जॉनी मौजूद थे.
जोजो और जॉनी मेरे जीवन के आधार हैं- राहुल
पीड़ित कलाकार राहुल मिश्रा का कहना है कि वह अपने सहयोगियों के साथ परिक्रमा लगाने के बाद प्रेम मंदिर के पास स्थित सुखधाम गेस्ट हाउस में कमरा देखने गए थे. लेकिन जब वह वापस लौटे तो ई-रिक्शा और उनका बैग गायब था. इसके बाद राहुल ने शिकायत दर्ज कराने के लिए वृन्दावन कोतवाली, जहां बोला गया कि मामला पर्यटन थाने का है.
पीड़ित जब पर्यटन थाने गया तो वहां से वापस कोतवाली जाने को कहा गया. राहुल मिश्रा ने पुलिस की ढिलाई पर निराशा व्यक्त करते हुए लोगों से जोजो और जॉनी को ढूंढने में मदद की भावुक अपील की है. पीड़ित ने लोगों से अपील करते कहा कि जोजो और जॉनी उनके जीवन का आधार हैं, जिसे भी ये दोनों मिलें कृपया उन तक पहुंचाने में मदद करें.
प्रेमानंद महाराज भी हंस-हंस कर हो गए थे लोटपोट
पिछले साल फरवरी में वेंट्रिलोक्विस्ट राहुल मिश्रा अपने पपेट्स जोजो और जॉनी के साथ वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी. इस दौरान अपनी कला से संत प्रेमानंद महाराज को भी हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया था. प्रेमानंद महाराज ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें वे ठहाके लगाते नजर आ रहे थे.
