कन्नौज में बवाल पर पहले ADM-SHO को मांगनी पड़ी थी माफी, अब कांवड़ियों पर हुई FIR
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल में अब नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने 21 अगस्त की झड़प के बाद दो नामजद सहित कई कांवड़ियों पर एफआईआर दर्ज की है. पहले इसी मामले को शांत कराने के लिए एडीएम और एसएचओ को माफी मांगनी पड़ी थी. अब मुकदमे के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है.
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल में अब नया मोड़ आ गया है. बीते 21 अगस्त को बोर्डिंग ग्राउंड के पास कांवड़ियों और पुलिस के बीच हुई झड़प को लेकर अब पुलिस ने दो कांवड़ियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए करीब आधा दर्जन अन्य कावंड़ियों को आरोपी बनाया है. यह एफआईआर कन्नौज की सदर कोतवाली में दर्ज की गई है. यह वही मामला है, जिसे शांत कराने के लिए पहले एसएचओ और फिर एडीएम तक को माफी मांगनी पड़ी थी. यहां तक कि एसएचओ ने इस्तीफे तक का ऐलान कर दिया था.
अब कांवड़ियों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद यह मामला एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, 21 अगस्त को बिलग्राम हरदोई से कांवड़ लेकर श्रद्धालु कन्नौज के बाबा गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए आ रहे थे. परंपरा के अनुसार कांवड़ियों के बोर्डिंग ग्राउंड पर एकत्र होकर जलपान करने और डीजे के साथ झांकी लेकर आगे बढ़ने की बात कही गई. आरोप है कि बोर्डिंग ग्राउंड पर लगे बैरियर को तोड़कर करीब 10-15 डीजे के साथ कांवड़िए आगे बढ़ने लगे और माइक से उत्तेजक नारे लगाए.
दो कांवड़िए नामजद
इस एफआईआर में दो कांवड़ियों हिमांशु गुप्ता निवासी बिलग्राम, हरदोई और सुमित यादव पुत्र श्याम सुंदर निवासी ग्वाल मैदान, कन्नौज को नामजद किया गया है. इनके अलावा 5-7 अज्ञात लोगों को भी इस मुकदमे में आरोपी बनाया गया है. पुलिस का आरोप है कि समझाने और रोकने के प्रयास के बावजूद ये लोग नहीं माने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया. एफआईआर में सामाजिक अशांति फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का भी आरोप लगाया गया है.
सुर्खियों में रहा ये मामला
इस विवाद के दौरान कांवड़ियों ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए यात्रा रोक दी थी. कांवड़ियों ने सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह पर कार्रवाई की मांग करते हुए बाबा गौरीशंकर मंदिर में जल चढ़ाने से इनकार कर दिया था. काफी देर तक कांवड़ यात्रा रुकी रही. बाद में एडीएम देवेंद्र सिंह ने मंच से पुलिस की ओर से कांवड़ियों से माफी मांगी और कार्रवाई का भरोसा दिया था.
