कानपुर: प्रॉपर्टी विवाद में पार्षद पति की सनक, गर्भवती महिला के पेट में मारी लात, बच्चे की मौत
कानपुर में बीजेपी पार्षद के पति पर मकान पर कब्जे का आरोप है. पीड़ित ने बताया कि पार्षद पति ने मारपीट की, जिससे उनकी गर्भवती पत्नी का गर्भपात हो गया. पुलिस सुनवाई न होने पर दंपति ने कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है. यह घटना पनकी थाना क्षेत्र की है, पुलिस जांच में जुटी है.
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में एक दंपति ने बीजेपी पार्षद पति पर पैतृक मकान पर कब्जा करने की कोशिश, मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित का आरोप उनकी गर्भवती पत्नी के पेट में लात मारी गई, जिससे गर्भस्थ शिशु मौत हो गई. युवक-युवती को बेरहमी से पीटा गया, जबकि एक युवक को जबरन अगवा करने की कोशिश हुई.
पीड़ित निर्मल गौतम का आरोप है कि पनकी पड़ाव क्षेत्र के पार्षद नित्य आशीष बाजपेई उनके 200 गज के पैतृक मकान पर कब्जा करना चाहते हैं. पहले मकान खरीदने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन मना करने के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. आरोप है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई.
जबरन जहर खिलाने का भी प्रयास किया
पीड़ित पक्ष आखिर में हार कर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है. निर्मल गौतम का दावा है कि 6 जुलाई को पार्षद पति अपने कुछ साथियों के साथ उन्हें जबरन घर से ले गए और उनके साथ मारपीट की. उनका आरोप है कि उन पर पहले से दर्ज एक मुकदमे में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
वीडियो में पीड़ित युवक को जबरन ले जाते हुए देखा जा सकता है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पीड़ित की पत्नी ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई. वह गर्भवती थीं और मारपीट के दौरान पेट में लात मारी गई, जिसके बाद उनका गर्भपात हो गया. उनके पति को जबरन जहर खिलाने का भी प्रयास किया गया.
पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र पर जांच के निर्देश
पीड़ित निर्मल गौतम ने कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों ने दबंगों से न उलझने की सलाह दी, लेकिन उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र प्राप्त कर लिया गया है. मामले को पनकी थाने को भेजते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं. सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.