‘ठाकुर हूं’ के जवाब में ‘ब्राह्मण हूं’… कानपुर HDFC बैंक विवाद में सामने आया दूसरा पक्ष
कानपुर HDFC बैंक विवाद में 'मैं ठाकुर हूं' के बाद दूसरा पक्ष भी 'मैं ब्राह्मण हूं' के साथ सामने आ गया है. बैंकर आस्था सिंह के वायरल वीडियो के बाद पूर्व कर्मचारी ऋतु त्रिपाठी ने उत्पीड़न का आरोप लगाया. वहीं इस विवाद में अपना नाम खराब होने की बात कहते हुए आस्था सिंह ने कानूनी कार्रवाई की बात कही है. इसी के साथ यह मामला जातीय रंग ले रहा है.
कानपुर के पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक से वायरल हुआ ‘मैं ठाकुर हूं’ वाले वीडियो के जवाब में अब दूसरा पक्ष भी सामने आ गया है. इसी बैंक की पूर्व कर्मचारी ऋतु त्रिपाठी और उनके पति ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी है. इस दौरान दोनों ने कहा कि वो ब्राह्मण हैं और उन्हें इसका गर्व है. उधर, इसी मामले में मैं ठाकुर हूं बोलकर वायरल हुई आस्था सिंह ने ऋतु त्रिपाठी और उनके पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अब चूंकि विवाद लगातार गहराते जा रहा है, इसलिए जरूरी है पूरे मामले को समझ लिया जाए. सोशल मीडिया में सोमवार को एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हुआ. यह वीडियो पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा का था, जिसमें आस्था सिंह नामक बैंक कर्मचारी बड़ी आवेश में नजर आ रही थीं. वह खुद को ठाकुर हूं कहते हुए सामने खड़ी महिला को हड़का रहीं थी. इस वीडियो की पड़ताल करने पर पता चला कि यह मामला तीन दिन पहले 6 फरवरी का है और जिस महिला को आस्था सिंह हड़का रही हैं, वह कोई बैंक का कस्टमर नहीं, बल्कि पूर्व कर्मचारी हैं.
यह है विवाद
जानकारी के मुताबिक ऋतु त्रिपाठी इसी बैंक में कैशियर थीं और 6 फरवरी को उन्होंने अचानक रिजाइन कर दिया था. बैंक प्रबंधन के मुताबिक उन्हें उसी दिन रिलीव भी कर दिया गया था, लेकिन हैंडओवर में टाइम लग रहा था. इतने में बैंक पहुंचे ऋतु त्रिपाठी के पति ने हंगामा कर दिया था. बताया जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने आस्था सिंह से भी अभद्रता कर दी. इसी बात पर आस्था सिंह भड़क गईं. वायरल वीडियो भी ऋतु त्रिपाठी की ननद द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है.
ऋतु त्रिपाठी ने दी सफाई
मामला गहराते देख पहले आस्था सिंह ने मीडिया के सामने अपनी सफाई पेश की. उसके बाद ऋतु त्रिपाठी भी अपने पति के साथ मीडिया के सामने आ गईं. उन्होंने कहा कि वह पांच साल से इस बैंक में काम कर रहीं थीं. लेकिन बैंक में उनका उत्पीड़न हो रहा था. बैंक के अधिकारी उनके ऊपर टोंट कस रहे थे. इसलिए परेशान होकर वह छह फरवरी को अपनी ननद के साथ बैंक में रिजाइन करने गईं थीं. इस दौरान सबसे पहले आस्था सिंह का उनकी ननद के साथ वॉशरूम में हॉट-टॉक हुआ और शाम को जब उनके पति पहुंचे तो आस्था सिंह ने उनके साथ भी अभद्रता की.
आस्था सिंह ने लिया लीगल एक्शन
आस्था सिंह ने कहा कि हैंडओवर में देरी हो रही थी, इसी बात पर ऋतु त्रिपाठी के पति ने बैंक में हंगामा किया. बैंक में घुसते ही उन्होंने कहा कि कौन है जिसको इतनी गर्मी चढ़ी है, उसकी अभी गर्मी उतारता हूं. इसी के साथ जातीय टिप्पणी की. यह बात उन्हें बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने भी जवाब दिया. आस्था सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो भी काट कर सोशल मीडिया में डाला गया है, यदि पूरा दिखाया जाए तो मामला अपने आप साफ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत दी है और अब वह मान हानि का केस भी करेंगी.
जातीय रंग देने का प्रयास
पहले वीडियो में आस्था सिंह को ‘मैं ठाकुर हूं’ कहते हुए देखा जा रहा है. इस बात को आस्था सिंह ने मीडिया के सामने भी दोहराया, लेकिन कहा कि उनकी जाति पूछी गई तो उन्होंने बताया और उन्हें गर्व है कि वह क्षत्राणी हैं. इसके बाद ऋतु त्रिपाठी और उनके पति ने भी मीडिया से बात करते हुए अपनी जाति का उल्लेख किया. कहा कि ‘मैं ब्रह्मण हूं और इसका हमें भी गर्व है’. इस प्रकार दोनों पक्ष इस मामले को जातीय रंग देने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.