16 मिनट की सेल, हर माल 16 रुपये… खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, कंट्रोल करने में पुलिस के छूट गए पसीने

कानपुर में एक दुकानदार को अपने जन्मदिन पर 'हर माल ₹16' की सेल का ऑफर महंगा पड़ गया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस ऑफर से हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे बाजार में महाजाम और भगदड़ जैसे हालात बन गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया. इस दौरान दुकान मालिक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है.

कारोबारी को महंगा पड़ा बर्थडे ऑफर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक कारोबारी को अपने जन्मदिन पर ’16 मिनट की सेल, हर माल 16 रुपये’ का ऑफर भारी पड़ गया. सोशल मीडिया में इस ऑफर को देखकर दुकान पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. देखते ही बाजार में महाजाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंडे फटकार कर भीड़ को कंट्रोल किया. इतने में पता चला कि इतनी भीड़ देखकर दुकान मालिक मौके से फरार हो गया है.

मामला कानपुर में अनवरगंज थाना क्षेत्र की अलम मार्केट का है. जानकारी के मुताबिक इस बाजार में होजरी का काम करने वाले रईस आलम की अपनी दुकान है. चूंकि 15 अगस्त को उनका जन्मदिन था और उन्होंने अपने जन्मदिन को अनूठे तरीके से मनाने का फैसला किया. इसलिए लिए उन्होंने 14 अगस्त की रात करीब 11 बजकर 59 मिनट पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर दिया.

वीडियो बना बवाल

रईस आलम ने इस वीडियो में दावा किया कि 16 मिनट की सेल लगा रहे हैं. इसमें ग्राहक महज 16 रुपये में सूट, जींस, शर्ट या कोई भी रेडीमेड कपड़ा खरीद सकते हैं. उन्होंने वीडियो में ही साफ कर दिया था कि यह सेल सिर्फ 16 मिनट के लिए ही है. यह वीडियो देखते ही देखते इतना वायरल हो गया कि सुबह होते होते उनकी दुकानों पर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए. हर कोई 16 मिनट के अंदर खरीदारी करना चाहता था, इसलिए लोगों में धक्का-मुक्की भी होने लगी.

भगदड़ जैसे बने हालात

चूंकि भीड़ लगातार बढ़ रही थी. मौके पर धक्का-मुक्की हो ही रही थी, ऐसे में भगदड़ जैसे हालात बन गए. हालात कंट्रोल से बाहर होते ही दुकानदार तो दुकान बंद कर फरार हो गया. इतने में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझा बुझाकर शांत किया. इस दौरान पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा. इस दौरान मौके पर मौजूद दुकानदार के भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस थाने ले जाकर उससे पूछताछ कर रही है.

क्या कहती है पुलिस

मौके पर पहुंचे एसीपी मंजय सिंह के मुताबिक बर्थडे ऑफर देना कोई अपराध नहीं है, लेकिन दुकानदार ने इसके लिए जरूरी अनुमति नहीं ली. वहीं भीड़ जमा होने के बाद खुद फरार हो गया. इसकी वजह से मौके पर कानून व्यवस्था प्रभावित हुई है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया में भी खूब हो रही है. हालांकि पुलिस ने भीड़ पर लाठी चार्ज के आरोपों को खारिज किया है.

Follow Us