दूल्हा तो आया नहीं, फिर मंडप में किसके साथ बैठी थी दुल्हन? खुलासे पर मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक युवती की शादी पहले से तय थी, लेकिन बाद में दूल्हा शादी के लिए समारोह में पहुंचा ही नहीं. बताया जा रहा है कि ऐसी स्थिति में युवती के परिजनों ने अपने पड़ोसी युवक को आधा दहेज देने का लालच देकर मंडप में बैठा दिया था.
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में आयोजित सामूहिक शादी समारोह में बड़ा बवाल हो गया. यहां एक युवती से शादी के लिए दूल्हा पहुंचा ही नहीं, ऐसे में मंडप में दुल्हन अपने पड़ोसी के साथ बैठ गई. इसी बीच लोगों की नजर पड़ गई और पड़ोसी को पहचान लिया गया. इसके बाद तो लोगों ने मंडप में ही युवक की जमकर पिटाई की, इतने में पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली चली गई.
इस मामले में बवाल बढ़ने पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने इस शादी का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है. जानकारी के मुताबिक युवती की शादी पहले से तय थी, लेकिन बाद में दूल्हा शादी के लिए समारोह में पहुंचा ही नहीं. बताया जा रहा है कि ऐसी स्थिति में युवती के परिजनों ने अपने पड़ोसी युवक को आधा दहेज देने का लालच देकर मंडप में बैठा दिया था. लेकिन शादी की विधियां शुरू होने से पहले ही पोल खुल गई.
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती का निकाह रायबरेली जिले में रहने वाले युवक के साथ तय हुआ था. सामूहिक विवाह समारोह के दौरान इनका निकाह होना था. इसके पहले ही युवती के परिजनों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समाज कल्याण विभाग में आवेदन किया था. सरकारी आदेश के तहत रविवार को सयारा स्थित गेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें युवती तो अपने परिजनों के साथ पहुंच गई, लेकिन उसका दूल्हा नहीं आया.
ऐसे हुआ खुलासा
ऐसी स्थिति में युवती की मां ने गांव के ही एक युवक को दहेज में हिस्सा देने का लालच देकर मंडप में बैठने के लिए राजी कर
लिया. संयोग से इस युवक के पिता, जो फायर स्टेशन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, उनकी ड्यूटी इसी कार्यक्रम में लगी थी, उन्हें पता चला तो वह मौके पर पहुंच गए और इस हरकत के लिए मंडप में ही बेटे की पिटाई शुरू कर दी. इससे हंगामा खड़ा हो गया. इसके बाद पहुंची पुलिस ने युवक, युवती और उसकी मां समेत अन्य परिजनों को थाने ले गई.
रद्द हुआ शादी का रजिस्ट्रेशन
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी के मुताबिक युवती ने अपने दूल्हे की जगह एक अन्य युवक को मंडप में बैठा लिया था. चूंकि इस युवक के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हुआ, इसलिए शादी का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया. इसी के साथ इनका निकाह भी रोक दिया गया है. उन्होंने बताया कि युवती का निकाह होना था, इसके लिए अलग स्टेज लगा था, ऐसे में बड़ा सवाल है कि ये लोग शादी के मंडप में कैसे आकर बैठ गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
