65 साल के खलील ने की थी 4 साल के मासूम से हैवानियत, पहले एनकाउंटर, फिर घर पर चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 65 वर्षीय खलील अहमद के घर पर बुलडोजर चला दिया गया है. खलील पर 4 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत का आरोप है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्रशासन ने बताया कि खलील का घर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. बच्ची का इलाज लखनऊ में जारी है.

रेप के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग खलील अहमद के घर पर बुलडोजर चल गया. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जिला प्रशासन ने खलील के घर को ध्वस्त कर दिया है. आरोप है कि रास्ते की जमीन को घेरकर खलील ने अपना घर बनाया था. मामला लखीमपुर खीरी में सिंगाही थाना क्षेत्र का है. उधर, पुलिस पहले ही आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज चुकी है. अब पुलिस जल्द से जल्द कोर्ट में चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है.

सिंगाही थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 65 वर्षीय आरोपी खलील ने अपने घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को पांच रुपए देने का लालच दिया और उसे अपने साथ ले जाकर रेप किया था. आरोपी की चंगुल से छूटकर घर पहुंची इस चार साल की बच्ची को लहुलुहान हालत में देखकर परिजनों के होश उड़ गए. बड़ी मुश्किल से पूछताछ की और फिर जब आरोपी के घर शिकायत करने गए तो आरोपी फावड़ा लेकर उन्हें दौड़ा लिया.

लखनऊ में चल रहा इलाज

इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर अस्पताल गए, जहां से उसकी हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी और बच्ची को इलाज के लिए लखनऊ ले आए. जहां उसका इलाज जारी है. उधर, एक्शन में आई पुलिस ने तत्काल दबिश देते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया, लेकिन पूछताछ के बाद मेडिकल के लिए ले जाते समय आरोपी फरार हो गया.

हिंदू संगठनों ने काटा था बवाल

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि आक्रोश में आ गए और हंगामा शुरू कर दिया. इस संबंध में पुलिस और डीएम को ज्ञापन भी दिया. इसके बाद प्रशासन ने आरोपी के घर की पैमाइश कराई, इसमें पता चला कि सड़क की जमीन घेर कर बनाया गया है. ऐसे में प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर घर गिरा दिया. इससे पहले पुलिस ने आरोपी को पुलिस एनकाउंटर में दबोच लिया है. एसडीएम निघासन यदुवीर सिंह के मुताबिक राजस्व टीम की जांच में निर्माण अतिक्रमित भूमि पर पाया गया था. इसलिए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण किया गया है.

Follow Us