लखनऊ यूनिवर्सिटी: मेस का खाना खाने से छात्रा बेहोश, मचा बवाल; गंगा हॉस्टल में अनशन पर बैठी छात्राएं
लखनऊ विश्वविद्यालय के गंगा हॉस्टल में दूषित मेस के खाने को लेकर बवाल मच गया है. हॉस्टल के खाने से एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई. उल्टियां होने के बाद छात्रा बेहोश हो गई. वहीं, अब अन्य छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है. छात्राएं रात का खाना न खाकर अनशन पर बैठ गई हैं.
लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार को मेस में दूषित खाने को लेकर जमकर बवाल मच गया. गंगा हॉस्टल में दूषित मेस के विरोध में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है. छात्राओं का आरोप है कि दूषित खाना खाने से एक लॉ थर्ड ईयर छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई. मेस का खाना खाने के बाद उसे उल्टियां होने लगी और वह बेहोश हो गई थी.
गंगा हॉस्टल में दूषित खाना खाने से हुई घटना से नाराज साथी छात्राओं ने हॉस्टल में प्रदर्शन कर दिया. छात्राओं ने मेस संचालक के खिलाफ प्रोवोस्ट से कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि छात्राएं खराब खाद्य गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायत कर रही थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. अब छात्राओं ने एकजुट होकर हॉस्टल में अनशन शुरू कर दिया है.
मेस संचालक को तुरंत हटाए जाने की मांग
छात्राओं ने बताया कि रात के खाने में दी गई सब्जी और रोटी खाने के कुछ ही मिनट बाद पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उल्टी-दस्त के बाद वह बेहोश हो गई. तुरंत साथी छात्राओं ने उसे अस्पताल पहुंचाया. इस घटना ने हॉस्टल में तनाव पैदा कर दिया. बड़ी संख्या में जमा छात्राओं ने प्रदर्शन किया और मेस संचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
छात्राओं का आरोप है कि पिछले कई महीनों से मेस के खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है. खाने में तेल ज्यादा, मसाले खराब और सामग्री घटिया दर्जे की होती है. आज की घटना इसी का नतीजा है. प्रदर्शनकारियों ने प्रोवोस्ट से मांग की कि मेस संचालक को तुरंत हटाया जाए, खाने की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए.
24 घंटे में मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज होगा
छात्राओं ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा. लखनऊ विवि प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है. सूत्रों के अनुसार प्रोवोस्ट ने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता छात्रा की हालत अब स्थिर बताई जा रही है.
