पापा की जमा पूंजी भी छीन ली…’ पहले पुलिस के लगाए चक्कर, नहीं मिला न्याय तो कोर्ट पहुंचा सात साल का बच्चा

लखनऊ के मोहनलालगंज में सात साल के एक बच्चे ने अपनी दादी और चाचा के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उसके पिता की मौत के बाद, दादी और चाचा ने एक करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्ज़ा कर लिया गया. पहले पुलिस ने शिकायत को नज़रअंदाज़ किया. उसके बात बच्चा अपने नाना के साथ कोर्ट पहुंच गया.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

लखनऊ के मोहनलालगंज में एक मासूम बच्चा इंसाफ की गुहार लगाने के लिए थाने में पहुंचा फिर भी नहीं सुनी गई तो उसने कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया. बच्चे की उम्र महज 7 साल है. बच्चा अपने नाना का हाथ पकड़कर थाने पहुंचा और पुलिस से फरियाद करने लगा, ‘मेरे पापा की मौत हो गई… अब दादी और चाचा ने उनके पैसों पर भी कब्जा कर लिया है.’

यह मामला उस वक्त सामने आया जब बच्चे के पिता की मौत के बाद जमीन अधिग्रहण और फिक्स्ड डिपॉजिट से मिले 1.08 करोड़ रुपये की रकम दादी और चाचा ने हड़प ली. आरोप है कि उन्होंने बच्चे के मृत पिता को डॉक्यूमेंट्स में अविवाहित दिखाकर फर्जीवाड़ा किया. उन डॉक्यूमेंट्स में बच्चे का नाम तक शामिल नहीं किया.

नाना के साथ कोर्ट पहुंचा बच्चा

जब थाने में शिकायत की गई तो पुलिस ने बात को नजरअंदाज कर दिया और मामले को गंभीरता से नहीं लिया. आखिरकार, बच्चे के नाना को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी. कोर्ट के निर्देश पर मोहनलालगंज थाने में शुक्रवार को केस दर्ज हुआ.

पीड़ित परिवार का कहना है कि यह रकम बच्चे के भविष्य के लिए थी, लेकिन उसे ही अधिकार से दूर कर दिया गया. लेकिन, सात साल के बच्चे ने हिम्मत नहीं हारी और अपने अधिकार के लिए अपने नाना के साथ खड़ा रहा.

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब अपने ही अपनों के साथ धोखा करें, तो बच्चे की मासूम आंखों में न्याय की उम्मीदें ही उसकी सबसे बड़ी ताकत बन जाती हैं.

Follow Us