एस्ट्रोलॉजिस्ट के भरोसे अखिलेश, बोले- पंडित जी जो कहेंगे, वहीं करेंगे… हम न्यू समाजवादी हैं

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बड़े दावे किए हैं. उन्होंने बताया कि एक शक्तिशाली एस्ट्रोलॉजिस्ट ने उन्हें पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की भविष्यवाणी की है. अखिलेश ने खुद को 'न्यू समाजवादी' बताते हुए पंडित जी के हर निर्देश का पालन करने की बात कही. उन्होंने केदारेश्वर मंदिर के लिए भी चंदा अभियान छेड़ने का संकेत दिया.

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने एक शक्तिशाली एस्ट्रोलॉजिस्ट और ‘ऋषि मुनि’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंडित जी जो कहेंगे, वही होगा. इसी के साथ उन्होंने दावा किया कि साल 2022 की तरह ही 2027 में भी सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.

सपा सुप्रीमो ने कहा कि उनके संपर्क में एक एक बहुत जानकार एस्ट्रोलॉजिस्ट हैं. एआई पंडित और बहुत बड़े जानकार ऋषि मुनि हैं. यह पंडित जी मन पढ़ लेते हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंडित जी ने उनसे कहा कि आप जो लिख देंगे, मैं पूरा कर दूंगा. इसके बाद उन्होंने रजिस्टर पर सिर्फ दो बातें लिखीं. इसमें पहली बात सपा की सरकार बनाने और उत्तर प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर लाने की बात लिखी. पंडित जी ने बिना देखे दोनों बातें बता दीं. इसी के साथ उन्होंने कहा कि अब पंडित जी जो कहेंगे, हम वही करेंगे.

बोले- हम न्यू समाजवादी हैं

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे पंडित जी कहेंगे कि बड़े बाल रख लें तो बड़े बाल रख लेंगे, बाल कटवाने को बोलेंगे तो कटवा लूंगा. कहेंगे सुबह दाएं पैर आगे रख कर निकलें तो दाया पैर आगे रख कर निकलूंगा. कहेंगे नहीं निकलना है तो नहीं निकलूंगा. ऐसे में जब उनसे पुछा गया कि समाजवादी तो ये सब नहीं मानते, तो अखिलेश ने कहा कि अरे हम न्यू समाजवादी हैं. इसी के साथ उन्होंने जोर देकर कहा कि 2012 की तरह 2027 में भी समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.

केदारेश्वर मंदिर के लिए चंदा अभियान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने केदारेश्वर मंदिर का विशेष जिक्र किया. कहा कि राम मंदिर की तरह भाजपा नेताओं और सनातनधर्मियों से केदारेश्वर मंदिर के लिए भी पत्र लिखकर चंदा मांगा जाएगा. भगवान सबके हैं. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी अब आध्यात्मिक और धार्मिक आयाम को भी चुनावी रणनीति में शामिल करेगी. सपा के राष्ट्रीय महासचिव किरनमया नंदा के उस बयान पर सवाल किया गया जिसमें उन्होंने ममता की हार की वजह भ्रष्टाचार बताया था. इसके जवाब में अखिलेश ने कहा कि पार्टी नेताओं को ‘ऑफ द रिकॉर्ड’ मीडिया से बात करने से मना किया गया है, लेकिन मानता कौना है. आखिर फोटो जो छपवानी होती है.

Follow Us