मिशन-2027 की तैयारी तेज, कल लखनऊ में जुटेगी BJP की पूरी टीम, अमित शाह देंगे चुनावी मंत्र

बीजेपी ने यूपी में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी तेज कर दी है. कल लखनऊ में बीजेपी कार्यसमिति की बड़ी बैठक होनी है. कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन भाषण देंगे.

गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में भाजपा की नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक 30 अक्टूबर को लखनऊ में होगी. बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक के समापन सत्र में शामिल होंगे. कार्य समिति को लेकर आज भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश संगठन के टीम के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार की.

भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने बैठक की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. बैठक 30 अक्टूबर को शुरू होकर शाम तक समाप्त होगी.

राजनीतिक प्रस्ताव पर होगी चर्चा

राजेश चौधरी के मुताबिक, बैठक में सबसे पहले अमित शाह उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे. इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा. इस प्रस्ताव में प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख किया जाएगा. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए पदाधिकारी प्रस्ताव पर अपने विचार रखेंगे, जिसके बाद इसे पारित किया जाएगा.

बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी. इसमें आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जनता के बीच किन मुद्दों को लेकर जाना है और संगठन को किस तरह मजबूत करना है, इस पर मंथन किया जाएगा.

राजेश चौधरी ने कहा कि जब भाजपा ने उत्तर प्रदेश की सत्ता संभाली थी, तब प्रदेश की स्थिति बदहाल थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शासन की बागडोर संभालने के बाद कानून-व्यवस्था में बदलाव आया है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में विकसित हुआ कानून-व्यवस्था का मॉडल आज पूरे देश के लिए अपेक्षित मॉडल बन चुका है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक विरासत को उसके मूल स्वरूप में स्थापित करने के लिए भी काम किया गया है. भाजपा इन उपलब्धियों और सरकार के कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएगी.

तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहाकि पार्टी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी. कार्यसमिति की बैठक को इसी लक्ष्य की दिशा में संगठन की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में सरकार के कामकाज, संगठन की तैयारियों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा के जरिए आगे की दिशा तय की जाएगी.

दिवंगत नेताओं के लिए शोक प्रस्ताव, योगी करेंगे समापन

बैठक में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक प्रस्ताव भी लाया जाएगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उद्घाटन सत्र और राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा के बाद संगठनात्मक विषयों पर मंथन होगा. इसके बाद दिवंगत नेताओं के प्रति शोक व्यक्त किया जाएगा.

बैठक का समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. ऐसे में 30 अक्टूबर को होने वाली यह बैठक भाजपा के लिए सरकार की उपलब्धियों का आकलन करने, संगठन की दिशा तय करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिहाज से अहम होगी.

Follow Us