CM योगी के साथ हजारों महिलाओं का पैदल मार्च, लखनऊ में सपा-कांग्रेस के खिलाफ BJP का जनाक्रोश
महिला आरक्षण बिल के बहाने विपक्ष को घेरने में जुटी भाजपा ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में जनाक्रोश यात्रा निकाली. इस यात्रा में दोनों डिप्टी सीएम के साथ-साथ बीजेपी के कई बड़े नेता नजर आए. लखनऊ के बाद 28 अप्रैल को वाराणसी में भी ऐसी ही जन आक्रोश मार्च निकाले जाने की तैयारी है.
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों को घेरने के लिए बीजेपी ने आज यानी मंगलवार को सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री के 5 कालिदास मार्ग से विधानसभा तक महिला जनाक्रोश मार्च निकाला गया. मार्च का नेतृत्व सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद किया. इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सपा और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
सपा-कांग्रेस की संकुचित मानसिकता वाली सोच- सीएम योगी
मार्च के दौरान सीएम योगी ने उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित किया. उन्होंने इस दौरान विपक्ष पर करारा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि ‘आज बहनों के नेतृत्व में यह आक्रोश मार्च निकाला जा रहा है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के जन-विरोधी आचरण के कारण आज देश और प्रदेश की महिलाओं में भारी गुस्सा है. मोदी सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देना चाहती है, लेकिन ये दल अपनी संकुचित मानसिकता से इसमें रोड़े अटका रहे हैं.’
‘नकाब वालों के चक्कर में महिलाओं का सपा-कांग्रेस ने किया नुकसान’
सीएम योगी के अलावा यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जन आक्रोश रैली को संबोधित किया. उन्होंने कहा ति धर्म के आधार पर मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण नहीं दिया जा सकता. इसकी जानकारी विपक्ष को भी है. यह अधिनियम पास होता तो मुस्लिम महिलाओं को भी इसमें लाभ मिलता. नकाब वालों के चक्कर में 80% महिलाओं का नुकसान सपा-कांग्रेस ने किया है.
ये बड़े नेता पदयात्रा में रहे शामिल
बीजेपी के इस जनाक्रोश मार्च में सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह के साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और आशीष पटेल भी शामिल हुए. इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएँ और तमाम महिला संगठन भी शामिल हुए हैं. बीजेपी इस यात्रा के जरिए ये संदेश देने की कोशिश कर रही है कि विपक्ष ने महिला आरक्षण में रोड़ा अटकाया है.
बीजेपी की जनाक्रोश मार्च पर अखिलेश का पलटवार
बीजेपी की जनाक्रोश मार्च समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने बीजेपी की इस यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बार-बार झूठ बोलकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने लिखा- ‘एक बार फिर से दूर-दूर से लोगों को जुटाया जाएगा.. “एक नहीं बार-बार झूठ बोलो” पाठ पढ़ाया जाएगा.. झूठ के महा दरवाज़े से झूठ का झंडा उठाया जाएगा, अपनी करतूतों की काली सड़कों पर चलाया जाएगा..’