CM अब करेंगे ऑनलाइन मीटिंग, मंत्रियों की फ्लीट होगी छोटी; PM की अपील पर UP में बड़े फ़ैसले
प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. अब मुख्यमंत्री स्वयं ऑनलाइन मीटिंग करेंगे और अधिकारियों को भी यही निर्देश दिए हैं. मंत्रियों की फ्लीट छोटी की जाएगी और डीजल-पेट्रोल की खपत पर चर्चा हुई. सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन पढ़ाई को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया है.
वैश्विक स्थिति को देखते हुए पीएम मोदी की अपील के बाद आज यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी बैठक की. अधिकारियों और मंत्रियों के साथ हुई इस बैठक में सीएम योगी ने बड़ा फैसला लिया. उन्होंने कहा कि वह खुद अब अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग करेंगे. उन्होंने अधिकारियों को भी अधिनस्थों के साथ ऑनलाइन मीटिंग करने को कहा. इस बैठक में मुख्यमंत्री ने डीजल और पेट्रोल के उपभोग को लेकर भी चर्चा की.
सीएम योगी मंत्रियों और अधिकारियों को काफिले में तैनात गाड़ियों को कम करने को कहा हैं. इसके अलावा सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए भी निर्देश जारी किए हैं. इसी प्रकार ऑनलाइन पढ़ाई को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की. इसके लिए खासतौर पर प्रशासनिक स्तर पर जरूरी तैयारियों और विभागीय समन्वय पर फोकस हो सकता है.
प्राइवेट सेक्टर से भी अपील
इसी क्रम में सीएम योगी ने प्राइवेट सेक्टर को भी वर्क फ्रॉम होम के लिए अपील किया है. इसके साथ ही उन्होंने वाहनों का इस्तेमाल कम से कम करने की सलाह दी है. हालांकि इस व्यवस्था को अनिवार्य नहीं किया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ने की अपील की. कहा कि ईंधन की खपत कम करें और अनावश्यक रूप से सोने की खरीद न करें. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को प्रदेश में व्यावहारिक रूप से अपनाए जाने की अपील की.
आधी होगी फ्लीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव आदि मौजूद रहे. इस बैठक में सीएम ने अपनी खुद की और मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी हो. काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए. मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम संस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि पीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट को तरजीह देने को कहा. इसी के साथ उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप आदि के वर्चुअली आयोजन पर जोर दिया.