लखनऊ में 9 लाख में अपना घर! वरुण विहार से लेकर वेलनेस सिटी के प्लॉट रेट का ऐलान
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर की नई आवासीय योजनाओं के लिए फ्लैट और प्लॉट की नई दरें घोषित कर दी हैं. चंद्रिका नगर में फ्लैट 9 लाख रुपये से शुरू हैं, जबकि वेलनेस सिटी के प्लॉट 5100 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गए हैं, जो इसे सबसे महंगा बनाते हैं. वेलनेस सिटी ने अनंत नगर को पीछे छोड़ दिया है.
लखनऊ में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपनी नई आवासीय योजनाओं में फ्लैट और प्लॉट की कीमतें तय कर दी हैं. इनमें चंद्रिका अपार्टमेंट, वेलनेस सिटी, वरुण विहार और नैमिष नगर जैसी योजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं का शिलान्यास जुलाई के अंत तक होने की संभावना है.
सीतापुर रोड पर विकसित की जा रही चंद्रिका अपार्टमेंट योजना में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे. यहां 1 बीएचके फ्लैट की कीमत 8.99 लाख रुपये रखी गई है. इसका क्षेत्रफल 38 वर्गमीटर होगा. वहीं, 2 बीएचके फ्लैट के लिए करीब 32.92 लाख रुपये खर्च करने होंगे. इस योजना के तहत एलआईजी के 582 और EWS के 336 मकान बनाए जाएंगे
वेलनेस सिटी सबसे महंगी योजना बन गई
एलडीए ने नई आवासीय योजनाओं में प्लॉट की दरें भी घोषित कर दी हैं. सुलतानपुर रोड पर विकसित हो रही वेलनेस सिटी सबसे महंगी योजना बन गई है. यहां प्लॉट की कीमत 54,559.17 रुपये प्रति वर्ग मीटर यानी करीब 5,100 रुपये प्रति वर्ग फुट तय की गई है. इससे पहले अनंत नगर योजना को एलडीए की सबसे महंगी योजना माना जाता था.
इसके अलावा वरुण विहार आवासीय योजना में प्लॉट की कीमत दर 30,127.98 रुपये प्रति वर्ग मीटर यानी 2,800 रुपये प्रति वर्ग फुट तय की गई है. वहीं, एलडीए की नैमिष नगर योजना में जमीन के दाम करीब 3,200 रुपये प्रति वर्ग फुट निर्धारित की गई है. इन दरों के आधार पर ही प्लॉटों का पंजीकरण किया जाएगा.
घोषित रेट केवल भूमि की मूल कीमत हैं- एलडीए
एलडीए ने साफ किया है कि घोषित रेट केवल भूमि की मूल कीमत हैं. इसके अतिरिक्त फ्रीहोल्ड शुल्क, पानी और सीवर शुल्क समेत अन्य निर्धारित शुल्क भी अलग से देने होंगे. अधिकारियों का कहना है कि इन योजनाओं से शहर में बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विभिन्न आय वर्ग के लोगों को अपने बजट के अनुसार घर खरीदने का अवसर मिलेगा.