‘शर्ट का बटन खोलकर नहीं घूम सकती मैडम…’ इमामबाड़ा में इंफ्लुएंसर के साथ ऐसा क्या हुआ? मच गया बवाल

लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मान्या सिंह के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. मान्या का आरोप है कि उन्हें हिजाब पहनने और शर्ट के बटन बंद करने का दबाव डाला गया, धमकी भी दी गई. उनके वायरल वीडियो ने 'ड्रेस कोड' और धार्मिक स्थानों पर व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. यह घटना इमामबाड़ा के नियमों और पर्यटकों के अधिकारों पर सवाल उठा रही है.

मान्या सिंह का वायरल हो रहा वीडियो Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मान्या सिंह के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. आरोप है कि उन्हें कुछ लोगों ने ना केवल हिजाब पहनने का दबाव बनाया गया, बल्कि उन्हें शर्ट के बटन तक बंद करने की बात कही गई. ऐसा ना करने पर उन्हें कैंपस से बाहर करने की धमकी भी दी गई. मान्या सिंह ने खुद इस संबंध में वीडियो बनाकर इस टूरिस्ट प्लेस की हकीकत उजागर की है.

मान्या सिंह का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में मान्या सिंह ने दावा किया है कि वह अपने दोस्तों के साथ बड़ा इमामबाड़ा घूमने आई थी. इस दौरान वहां बैठे कुछ लोगों ने उनके ऊपर हिजाब पहनने का दबाव बनाया. कहा कि बिना हिजाब के वह यहां नहीं घूम सकतीं. उन्होंने अनसुना किया तो उन्हें कहीं से दुपट्टा लेकर आने को कहा गया. फिर उन्हें शर्ट के बटन बंद करने को कहा गया. ऐसा नहीं करने पर उन्हें कैंपस से बाहर करने की धमकी दी गई.

सोशल मीडिया में शुरू हुई बहस

इसके बाद मान्या सिंह ने वीडियो बनाकर अपने साथ हुई घटना पर आक्रोश प्रकट किया है. उनके इस वीडियो ने सोशल मीडिया में एक बड़े बवाल को जन्म दिया है. बड़ी संख्या में लोग मान्या सिंह का समर्थन कर रहे हैं. उनका कहना है कि कोई किसी को हिजाब पहनने के लिए मजबूर नहीं कर सकता. वहीं, कई लोग मान्या सिंह को ही कसूरवार ठहराते हुए कह रहे हैं कि उन्हें ऐसी जगहों पर जाना ही नहीं चाहिए. यदि उन्हें जाना ही था तो वहां की परंपरा का पालन भी करना चाहिए.

मान्या सिंह ने लगाया आरोप

मान्या सिंह ने अपने वीडियो में बताया कि वह टिकट लेकर इमामबाड़ा में अपने दोस्तों के साथ आईं थी. उन्हें ड्रेस कोड की जानकारी ना तो टिकट लेते समय दी गई और ना ही इमामबाड़ा में घुसते समय बताया गया. वहीं जब वह अंदर पहुंची तो वहां बैठे लोग उनके साथ बदसलूकी करने लगे. इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह क्या पहनेंगी, यह तय करने का अधिकार किसी और के पास कैसे हो सकता है.

इस लिए गरमाया माहौल

मान्या सिंह ने दावा किया कि इमामबाड़ा के अंदर जमीन पर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ पोस्टर लगे थे. यह पोस्टर इस प्रकार लगाए गए थे कि लोग इनपर पैर रखकर ही अंदर जाएं. उन्होंने ऐसा करने से मना किया और साइड से निकलने लगी तो माहौल गरमा गया. मान्या सिंह का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और अब सोशल मीडिया में इसकी खूब चर्चा हो रही है. हालांकि अभी तक इमामबाड़ा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

Follow Us