बारिश से बचने के लिए मकान में छिपी थी नाबालिग, तभी पहुंचे 5 हैवान; हाथ पैर बांधकर की दरिदंगी

लखनऊ में एक नाबालिग लड़की के साथ दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन मकान में छिपी नाबालिग को 5 दरिंदों ने बनाया शिकार. परिजनों ने आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा, जिसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मेडिकल रिपोर्ट में बर्बरता की पुष्टि हुई है.

(प्रतीकात्मक तस्वीरें) Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक नाबालिग के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. मंगलवार की शाम को अचानक शुरू हुई बारिश में बचने के लिए यह नाबालिग एक निर्माणाधीन मकान में छिपी थी. उसी समय पांचों दरिंदे भी वहां पहुंचे और पीड़िता के अकेलेपन का फायदा उठाते हुए उसके हाथ पैर बांधकर दरिंदगी को अंजाम दिया. इधर, काफी देर तक पीड़िता अपने घर नहीं पहुंची ने परिजन उसे ढ़ूढते हुए मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया.

इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों आरोपियों को अरेस्ट करते हुए आज अदालत में पेश किया है, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है. मामला लखनऊ में आशियाना थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों में पीड़िता का एक परिचित भी है. वहीं बाकी चार उसके साथी हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है. वहीं पीड़िता का मेडिकल कराया गया है. इसमें पीड़िता के साथ बर्बरता की पुष्टि हुई है.

मां की जगह काम करने गई थी पीड़िता

पुलिस के मुताबिक पीड़िता मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है और यहां उसका परिवार आशियाना क्षेत्र में किराए का घर लेकर रहता है. उसके पिता राजमिस्त्री हैं, वहीं मां आसपास के घरों में काम कर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करती है. पीड़िता के भाई ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसकी मां की तबियत खराब चल रही है. इसलिए मंगलवार को पीड़िता मां की जगह घरों में काम करने गई थी. रात करीब 8:30 बजे काम खत्म करके लौटते समय उसके साथ आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.

बारिश में निर्माणाधीन मकान में छिपी थी

पीड़िता के भाई के मुताबिक रास्ते में अचानक बारिश शुरू होने से उसकी बहन पास के निर्माणाधीन मकान की ओट में रूक गई थी. इसी दौरान पांचों आरोपी वहां पहुंचे और पीड़िता को अकेली देखकर बंधक बना लिया. फिर उसके हाथ पांव बांधकर बारी बारी उसके साथ दुष्कर्म किया. काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इस दौरान निर्माणाधीन मकान में उसके चींखने की आवाज सुनाई दी. वहां पहुंचे तो देखा कि आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में परिजनों ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और पीड़िता को बंधनमुक्त किया.

जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज के दौरान पीड़िता ने अपना बयान दर्ज कराया है. बताया कि आरोपियों में एक उसका परिचित है और सबसे पहले उसी ने रेप किया. पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है. पुलिस के मुताबक जल्द ही इस मामले में मजबूत चार्जशीट बनाकर अदालत में पेश कर दिया जाएगा. पुलिस की पूरी कोशिश होगी कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले.

Follow Us