UP में अब 10 किस्तों में भर सकते हैं बकाया बिजली का बिल, प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह करेंगे काम

उत्तर प्रदेश सरकार ने उर्जा विभाग को सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड में कन्वर्ट करने का निर्देश दिया है. साथ ही ऐसे उपभोक्ताओं जिनका बिल 30 अप्रैल तक (मई के बिल से पूर्व) बकाया है, उन्हें यह राशि 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा देने का भी फैसला किया गया है.

प्रीपेड स्मार्ट मीटर ( फाइल फोटो) Image Credit:

यूपी में विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा और उनकी समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. अब प्रदेश में लगे सभी प्रीपेड मीटर, पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के तौर पर काम करेंगे. बिल पहले की तरह जिन तारीखों को जमा होती है, उसी दिन जमा होगी. उपभोक्ताओं को अपना बकाया भुगतान 10 किस्तों में करने की बड़ी राहत भी दी गई है.

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने इस संबंध में बैठक के बाद सरका के इस फैसले के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बिलिंग साइकिल वैसे ही रहेगा जैसे पहले पोस्टपेड मीटर में होता था. पूर्व की तरह 1 तारीख से महीने के अंत तक बिल की खपत का एक महीने का बिल एसएमएस और व्हाट्सएप पर दिया जायेगा.

जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बदला है, वे अपना नंबर अपडेट करवा सकते हैं. इस फैसले से प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. बिलिंग प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी, भुगतान के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा.

10 तारीख तक मिलेंगे बिल

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिल मिल जाएंगे. बिल मिलने की तिथि से भुगतान के लिए 15 दिन का समय दिया जायेगा. जिस उपभोक्ता को समय से बिल न प्राप्त हो वो व्हाट्सएप चैटबॉट्स पर संयोजन संख्या सूचित कर अपना बिल व बकाया बिल हासिल कर सकेंगे. यह बिल 1912 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर भी प्राप्त किये जा सकेंगे.

बिल न मिलने पर यहां संपर्क कर सकते हैं उपभोक्ता

पूर्वांचल: +91 8010968292
मध्यांचल: +91 7669003409
पश्चिमांचल: +91 7859804803
दक्षिणांचल: +91 8010957826
केस्को (कानपुर): +91 8287835233

10 किस्तों में जमा कर सकते हैं बकाया

उपभोक्ताओं को सुविधा देने के लिए यह बड़ा निर्णय लिया गया है कि 30 अप्रैल तक (मई के बिल से पूर्व) उपभोक्ता का जो भी बिल बकाया रहेगा, वह 10 किस्तों में जमा कर सकता है. यदि किसी उपभोक्ता को बिल संबंधी कोई समस्या है तो खंड और उपखंड स्तर पर मई और जून माह में कैम्प का आयोजन कर स्मार्ट मीटर बिल संबंधी शिकायत निपटाने की सुविधा दी जायेगी. उपभोक्ता अपनी शिकायत 1912 पोर्टल पर भी दर्ज कर सकता है.

सिक्योरिटी राशि जमा करने में भी राहत

जिन उपभोक्ताओं के परिसर में पोस्टपेड से प्रीपेड मीटर लगाए गए थे और उनकी सिक्योरिटी वापस कर दी गई थी. अब पोस्टपेड व्यवस्था लागू होने पर उनसे सिक्योरिटी एकमुश्त न लेकर 4 किस्तों में ली जाएगी. इसके अलावा ऊर्जा मंत्री ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि ध्यान रखा जाए कि ट्रांसफॉर्मर खराब न हों. यदि कहीं खराब हों तो उन्हें तत्काल बदला जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

Follow Us