Prateek Yadav Last Rites LIVE: थोड़ी देर में प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार, ससुर देंगे अंतिम मुखाग्नि
प्रतीक यादव की अंतिम संस्कार की यात्रा शुरू हो होने वाली है.उन्हें भैसा कुंड घाट पर मुखाग्नि दी जाएगी. जिस वाहन से उनके शव को घाट तक लेकर जाना है उसे सजा दिया गया है. प्रतीक के अंतिम संस्कार के दौरान अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव समेत उनके परिवार के कई सदस्य मौजूद रह सकते हैं.
अखिलेश यादव के सौतेले भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 13 मई यानी बुधवार को निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी. यहां डॉक्टरों द्वारा ब्रॉट डेड घोषित करने के बाद उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए केजीएमयू लाया गया. यहां 6 डॉक्टरों की टीम ने उनके शव का पोस्टमॉर्टम किया. इसके बाद प्रतीक के शव को उनके आवास पर ले जाया गया. इस दौरान सीएम योगी, पंकज चौधरी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव समेत सूबे कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज लखनऊ के भैसाकुंड घाट पर किया जा रहा है. इसकी जानकारी खुद उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी थी.
डॉक्टरों के मुताबिक, प्रतीक फेफड़ों की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चपेट में थे. इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को रोक देता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई है. फिलहाल, प्रतीक के अंतिम संस्कार के लिए तैयारी शुरू हो गई हैं. जिस वाहन से उन्हें घाट तक लेकर जाना है उसे सजा दिया गया है. कुछ देर में प्रतीक का शव उनके घर से भैसाकुंड घाट के लिए रवाना होगा. इस दौरान अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव समेत उनके परिवार के कई सदस्य मौजूद रहेंगे. बता दें कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. पत्नी अपर्णा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.
1:22 PM: प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे हैं.वहीं, घाट पर अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के अगल-बगल प्रतीक की दोनों बेटियां प्रथमा और पद्मजा बैठी हैं
1:05 PM: प्रतीक यादव का शव भैंसा कुंड श्मशान घाट पर पहुंच चुका है. अपर्णा भी अपनी दोनों बेटियों के साथ श्मशान घाट पहुंची हैं. अखिलेश और शिवपाल यादव भी घाट पहुंच गए हैं. अखिलेश के बेटे अर्जुन भी साथ हैं.
12:34 PM: प्रतीक यादव का शव भैसा कुंड घाट पहुंचने वाला है. कहा जा रहा है कि कुछ देर में शिवपाल और अखिलेश भी घाट पर पहुंच जाएंगे. फिलहाल, शव वाहन पर धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव मौजूद हैं.
12:21 PM: प्रतीक यादव के शव को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह ने भी कंधा दिया. बता दें कि प्रतीक की अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोग उनके शव वाहन के साथ-साथ चल रहे हैं.
12:07 PM: प्रतीक यादव के शव को थोड़ी देर के लिए सपा कार्यालय के बाहर रखा गया. परंपरा के मुताबिक, श्मशान घाट पहुंचने से पहले शव को पांच बार जमीन पर रखा जाता है.
11: 43 AM: प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है. अखिलेश यादव समेत पूरा यादव परिवार इस यात्रा में शामिल है. इसके अलावा प्रतीक की अंतिम यात्रा में दूर-दूर से समाजवादी पार्टी के साथ बीजेपी के भी कार्यकर्ता पहुंचे हैं.
11:23 AM: प्रतीक के अंतिम संस्कार के लिए भैसाकुंड धाम में उनके परिवार के लोग पहुंचने शुरू हो गए हैं. तकरीबन 12 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा. अखिलेश यादव भी कुछ देर में भैंसा कुंड घाट पहुंचने वाले हैं. प्रतीक के शव को मुखाग्नि कौन देगा इसपर अभी संशय है.
11:20 AM: बैकुंठ धाम पर मौजूद पंडित ध्रुव कुमार तिवारी, प्रतीक का अंतिम संस्कार कराएंगे. उन्होंने बताया कि चिता के लिए 13 मन लकड़ी मंगाई गई है. हिंदू धर्म के मुताबिक, आग पुरुष देता है. अगर अखिलेश यादव या उनके बेटे से मुखाग्नि दिलाई जाए तो ज्यादा अच्छा है. आज के समय में बेटियां भी मुखाग्नि देती हैं.
11: 15 AM: प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार के लिए भैसा कुंड पर तैयारियां पूरी हो चुकी है. अंतिम संस्कार के लिए आम की लकड़ियां पहुंच चुकी है. पंडित ध्रुव तिवारी, प्रतीक के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराएंगे. पूरी व्यवस्था में नगर निगम की टीम गई लगाई गई है.