Prateek Yadav Last Rites: ससुर ने दी मुखाग्नि, दोनों बेटियों ने चिता पर रखी लकड़ी; पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव

प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं. उन्हें भैंसा कुंड घाट पर उनके ससुर ने मुखाग्नि दी.अपर्णा भी अपनी बेटियों संग श्मशान घाट पहुंची थी. बेटियों ने अपने पिता की चिता पर लकड़ी रखी. इस दौरान अखिलेश यादव समेत पूरा यादव परिवार वहां मौजूद रहा.

प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार

अखिलेश यादव के सौतेले भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 13 मई यानी बुधवार को निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी. यहां डॉक्टरों द्वारा ब्रॉट डेड घोषित करने के बाद उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए केजीएमयू लाया गया. यहां 6 डॉक्टरों की टीम ने उनके शव का पोस्टमॉर्टम किया. इसके बाद प्रतीक के शव को उनके आवास पर ले जाया गया. इस दौरान सीएम योगी, पंकज चौधरी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव समेत सूबे कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. फिलहाल, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार भैंसा कुंड घाट पर हो चुका है. वह पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं. प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी. वहीं बेटियों ने चिता पर लकड़ रखी.

डॉक्टरों के मुताबिक, प्रतीक फेफड़ों की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चपेट में थे. इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को रोक देता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई है. प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार में सपा और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के नेताओं की भारी भीड़ नजर आई. अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव समेत पूरा यादव परिवार भैंसा कुंड घाट पर मौजूद रहा. बता दें कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. उनकी पत्नी अपर्णा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

2:00 PM: प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो चुके हैं. उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी है. इस दौरान पूरा यादव परिवार श्मशान घाट पर मौजूद रहा. इसके अलावा भैंसाकुंड घाट में प्रतीक की पत्नी अपर्णा और उनकी दोनों बेटियां भी पहुंची थी.

1:30 PM: प्रतीक यादव के शव को उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट मुखाग्नि देंगे. पहले अंदेशा लगाया जा रहा था कि प्रतीक की बेटियां या अखिलेश के बेटा उनके शव को मुखाग्नि दे सकता है.

1:22 PM: प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे हैं.वहीं, घाट पर अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के अगल-बगल प्रतीक की दोनों बेटियां प्रथमा और पद्मजा बैठी हैं

1:05 PM: प्रतीक यादव का शव भैंसा कुंड श्मशान घाट पर पहुंच चुका है. अपर्णा भी अपनी दोनों बेटियों के साथ श्मशान घाट पहुंची हैं. अखिलेश और शिवपाल यादव भी घाट पहुंच गए हैं. अखिलेश के बेटे अर्जुन भी साथ हैं.

12:34 PM: प्रतीक यादव का शव भैसा कुंड घाट पहुंचने वाला है. कहा जा रहा है कि कुछ देर में शिवपाल और अखिलेश भी घाट पर पहुंच जाएंगे. फिलहाल, शव वाहन पर धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव मौजूद हैं.

12:21 PM: प्रतीक यादव के शव को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह ने भी कंधा दिया. बता दें कि प्रतीक की अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोग उनके शव वाहन के साथ-साथ चल रहे हैं.

12:07 PM: प्रतीक यादव के शव को थोड़ी देर के लिए सपा कार्यालय के बाहर रखा गया. परंपरा के मुताबिक, श्मशान घाट पहुंचने से पहले शव को पांच बार जमीन पर रखा जाता है.

11: 43 AM: प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है. अखिलेश यादव समेत पूरा यादव परिवार इस यात्रा में शामिल है. इसके अलावा प्रतीक की अंतिम यात्रा में दूर-दूर से समाजवादी पार्टी के साथ बीजेपी के भी कार्यकर्ता पहुंचे हैं.

11:23 AM: प्रतीक के अंतिम संस्कार के लिए भैसाकुंड धाम में उनके परिवार के लोग पहुंचने शुरू हो गए हैं. तकरीबन 12 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा. अखिलेश यादव भी कुछ देर में भैंसा कुंड घाट पहुंचने वाले हैं. प्रतीक के शव को मुखाग्नि कौन देगा इसपर अभी संशय है.

11:20 AM: बैकुंठ धाम पर मौजूद पंडित ध्रुव कुमार तिवारी, प्रतीक का अंतिम संस्कार कराएंगे. उन्होंने बताया कि चिता के लिए 13 मन लकड़ी मंगाई गई है. हिंदू धर्म के मुताबिक, आग पुरुष देता है. अगर अखिलेश यादव या उनके बेटे से मुखाग्नि दिलाई जाए तो ज्यादा अच्छा है. आज के समय में बेटियां भी मुखाग्नि देती हैं.

11: 15 AM: प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार के लिए भैसा कुंड पर तैयारियां पूरी हो चुकी है. अंतिम संस्कार के लिए आम की लकड़ियां पहुंच चुकी है. पंडित ध्रुव तिवारी, प्रतीक के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराएंगे. पूरी व्यवस्था में नगर निगम की टीम गई लगाई गई है.

Follow Us