लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन! ऋषभ की तीन बहनें हिरासत में, इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज सस्पेंड
लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के अलावा, उसकी तीन बहनें भी शामिल हैं. साथ ही इस हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर दो पुलिस अधिकारी भी निलंबित किए गए हैं.
लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला और उसकी तीन बहनें हिरासत में हैं, जबकि कुल पांच लोग गिरफ्तार हुए हैं. इस हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर दो पुलिस अधिकारी भी निलंबित किए गए हैं. वहीं आज शवों का अंतिम संस्कार होना है, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात है. जबकि लोग हत्यारे को फांसी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.
लखनऊ में सआदतगंज के नौबस्ता में आरोपी ऋषभ ने एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मरने वालों में शिवा तिवारी, उनके भाई शंभू उर्फ शिवेंद्र और बेटे सुयश शामिल थे. तीनों शवों का डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई. वहीं, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है.
कुल 8 लोगों पर FIR, अबतक 5 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मृतक शिवा जी की पत्नी की तहरीर पर 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. इसमें ऋषभ शुक्ला के अलावा, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के नाम भी शामिल हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अबतक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें ऋषभ की तीनों बहन दिव्या, प्रिया और अदिति शामिल है.
लापरवाही में दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
जानकारी के मुताबिक, वारदात से पहले यह विवाद कश्मीरी मोहल्ला पुलिस चौकी तक भी पहुंचा था. दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 107/116 के तहत पहले कार्रवाई हुई थी. आरोपी के भाई राजेश शुक्ला पर पहले गुंडा एक्ट और जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है. अब मामले में लापरवाही को लेकर इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज सस्पेंड पर गाज गिरी है.
पुलिस आयुक्त (लखनऊ) तरुण गाबा ने थाना प्रभारी निरीक्षक सआदतगंज, संतोष कुमार आर्य और चौकी प्रभारी कश्मीरी मोहल्ला, उप निरीक्षक अजय कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने पर विवाद
बताया जा रहा है कि आरोपी ऋषभ शुक्ला मर्चेंट नेवी में कार्यरत था. परिवार और मोहल्ले में बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने को लेकर भी विवाद चल रहा था. चबूतरा बनाए जाने का उद्देश्य मोहल्ले के लोगों के लिए पूजा की व्यवस्था करना था. इसके अलावा, गाड़ी खड़ी करने को लेकर भी विवाद हुआ. इसी विवाद के दौरान ऋषभ ने तीनों की जान ले ली.
मृतक सुयश की शादी 5 दिसंबर को होनी थी
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में जान गंवाने वाले शिवा तिवारी बिजली विभाग से सेवानिवृत्त थे और पूर्व में आरएसएस में जिला सह कार्यवाह की जिम्मेदारी निभा चुके थे. वहीं, सुयश की शादी आगामी 5 दिसंबर को होनी थी. परिवार में शादी की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात से परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक है.